लुधियाना के माछीवाड़ा साहिब में शुक्रवार शाम दो गुटों के बीच हुई खूनी झड़प के मामले को सुलझाते हुए खन्ना पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हिंसा में गगनदीप सिंह नामक युवक की मौत हो गई थी, जबकि उसका साथी मनप्रीत सिंह उर्फ मनी गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जिला खन्ना की एसएसपी डॉ. दर्पण अहलूवालिया ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष निर्देश जारी किए थे। एसपी हरपिंदर कौर के नेतृत्व में कई पुलिस टीमें गठित की गईं, जिन्होंने विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। वारदात के महज 24 घंटे के भीतर चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए। एसपी हरपिंदर कौर ने प्रेस वार्ता के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों और घटना के बारे में जानकारी दी। पीजीआई में जिंदगी की जंग लड़ रहा घायल इस झड़प में घायल हुए मनप्रीत सिंह उर्फ मनी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ पीजीआई (PGI) रेफर किया गया था, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। जल्द होगा पूरी साजिश का खुलासा पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन चार गिरफ्तारियों के अलावा कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। एसपी ने आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में हत्या के पीछे की मुख्य वजह और इस साजिश में शामिल अन्य सभी चेहरों को बेनकाब कर दिया जाएगा। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीएसपी स्पेशल ब्रांच तरलोचन सिंह और थाना मुखी पवित्र सिंह भी मौजूद रहे। इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार दविंदरपाल सिंह उर्फ जैला (निवासी वैरसाल कलां) गुरविंदर सिंह उर्फ गिदूं (निवासी हेड्डो बेट) जसप्रीत सिंह जस्सा (निवासी हेड्डो बेट) सतवीर सिंह सम्मी (निवासी लाखोवाल कलां)