श्रीगंगानगर में AEN और भाजपा विधायक जयदीप ​बिहाणी के बीच विवाद की जांच के लिए राज्य सरकार ने हाई लेवल जांच कमेटी बनाई है। कमेटी का अध्यक्ष यूडीएच शासन सचिव(IAS) रवि जैन को बनाया गया है। कमेटी शुक्रवार की रात श्रीगंगानगर सर्किट हाउस पहुंची। शनिवार की सुबह दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद घटनाक्रम के तथ्यों को खंगाला। इस दौरान विधायक जयदीप बिहाणी और राजस्थान अरबन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (RUIDP) के सहायक अभियंता (एईएन) जगनलाल बैरवा समेत अन्य अधिकारियों से भी लंबी बातचीत की। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद रवि जैन ने कहा- वे रिपोर्ट बनाकर सीएम को सौंपेंगे। बिहाणी ने भी मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मैंने जांच कमेटी के समक्ष विस्तार से अपना पक्ष रखा है। मैं शहर में हुए टोटल काम की जांच करवाऊंगा। इसके लिए चाहे एक हजार करोड़ रुपए हाथ जोड़कर कहीं से भी लेने पड़ें, मैं पुराने पड़े खड्डे खुदवाऊंगा। हालांकि एईएन जगनलाल बैरवा ने कमेटी को बताया कि विधायक के साथ कोई मारपीट नहीं की गई थी, बिहाणी ने ही थप्पड़ मारे और गालियां दी थी। पहले पढ़िए- क्या था मामला जनसुनवाई में हमला करने का लगाया था आरोप श्रीगंगानगर से भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के साथ गुरुवार को जनसुनवाई के दौरान मारपीट का मामला सामने आया था। विधायक का आरोप था कि AEN समेत तीन अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की। विधायक ने कहा था- मेरी एक आंख और चेहरे पर चोट आई है, मेरा चश्मा भी टूट गया। विधायक की शिकायत पर जवाहर नगर थाना पुलिस ने तीनों अधिकारियों RUIDP के AEN जगनलाल बैरवा, प्रोजेक्ट मैनेजर शहनवाज और LT कंपनी के प्लानिंग मैनेजर सोएम को गिरफ्तार किया था। इसके अगले दिन शुक्रवार को तीनों को जमानत मिल गई, जिसके बाद तीनों अधिकारियों ने जिला पारिषद में मीडिया से बात की। एईएन जगनलाल बैरवा ने कहा- विधायक ने मेरे लातें मारी और पाइप से पीटा। नई शर्ट पहनाकर पुलिस को सौंपा। वे फटी हुई बनियान पहनकर पहुंचे और अपनी आंख दिखाते हुए बताया कि उन्हें बुरी तरह से पीटा गया। इतना ही नहीं पुलिस को सौंपने से पहले नई शर्ट भी पहनवाई, ताकि ऐसा लगे कि कुछ हुआ ही नहीं है।
सर्किट हाउस में वाल्मीकि समाज का प्रदर्शन
इसके बाद राज्य सरकार के निर्देश पर हाई लेवल जांच कमेटी बनाई गई, जो शुक्रवार की रात को श्रीगंगानगर पहुंची, और शनिवार सुबह दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी। हालांकि जांच कमेटी के सर्किट हाउस पहुंचते ही विधायक बिहाणी के समर्थन में वाल्मीकि समाज के सैकड़ों लोग पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने शहर की समस्याओं को लेकर भी शासन सचिव रवि जैन के सामने अपनी पीड़ा रखी। इसी दौरान व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने भी एलएंडटी द्वारा कराए जा रहे घटिया निर्माण कार्यों की शिकायत रवि जैन से की। उन्होंने कहा कि शहर में हो रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता बेहद खराब है। जैन ने कहा- रिपोर्ट बनाकर सीएम को भेजेंगे
जांच कमेटी के अध्यक्ष यूडीएच शासन सचिव रवि जैन ने कहा कि इस घटनाक्रम में शामिल सभी पक्षों से पूछताछ की गई है। जो भी निष्कर्ष निकलेगा, उसकी विस्तृत रिपोर्ट बनाकर मुख्यमंत्री को सौंपी जाएगी। एलएंडटी अधिकारियों से भी बात की गई है। शहर की समस्याओं और शिकायतों पर भी विचार किया जाएगा। विधायक द्वारा बताई गई कार्यों में कमियों की भी अलग से रिपोर्ट तैयार की जाएगी। बिहाणी बोले- जनता के पैसे की लूट नहीं होने दूंगा
विधायक जयदीप बिहाणी ने कहा- मैंने जांच कमेटी के समक्ष विस्तार से अपना पक्ष रखा है। मीटिंग में मुझसे पूरे घटनाक्रम और शहर की समस्याओं के बारे में पूछा गया। मैंने सारी बातें विस्तार से बता दी हैं। बिहाणी ने RUIDP और एलएंडटी पर आरोप लगाते हुए कहा कि इनकी मुफ्त की कमाई, सिर्फ कागजों में दिखाकर की गई कमाई पर जब मैंने कुंडली डाली तो इनके पेट में दर्द होने लगा। मैंने जनता के खून-पसीने के पैसे को व्यर्थ बहने नहीं दिया। मैं शहर में हुए टोटल काम की जांच करवाऊंगा। इसके लिए चाहे एक हजार करोड़ रुपए हाथ जोड़कर कहीं से भी लेने पड़ें, मैं पुराने पड़े खड्डे खुदवाऊंगा। ‘थप्पड़ नहीं मारा, बैरवा ने ही हमला किया’
जयदीप बिहाणी ने जगनलाल बैरवा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब एईएन जगनलाल बैरवा को पुलिस अपने साथ लेकर गई थी, क्या उस समय उसकी आंख लाल थी? कल जो उनके साथ काले कोट वाले (वकील) बैठे थे, वह आंख पीली करके बात करते हैं। यह साजिश उनकी है। उन्होंने ही उसकी आंख में चोट मारी और मीडिया के सामने पेश किया। जांच तो इस बात की होनी चाहिए। बिहाणी ने आगे कहा- मैं आज भी आपके सामने खड़ा हूं। मैंने जो 3 दिन पहले बयान दिए थे, वह आज भी दे रहा हूं। मेरे पास कोई काले कोट वाला नहीं खड़ा। जगनलाल बैरवा और काले कोट वाले कल(शुक्रवार) जिला परिषद गए और प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रशासन बताए कि वह जगनलाल बैरवा का घर है या काले कोट वालों का घर। जिला परिषद सरकारी दफ्तर है। विधायक ने बैरवा से रंजिश का जिक्र करते हुए कहा- जगनलाल बैरवा ने कल(शुक्रवार) कहा था कि दिशा की मीटिंग में जयदीप बिहाणी ने मुझे टोका था। उसी दिन से वह मेरे साथ रंजिश लेकर बैठ गए। मैंने उन्हें कोई थप्पड़ नहीं मारा, उन्होंने ही मुझ पर हमला किया था। एईएन ने कमेटी से कहा- हमें जमीन पर पटक कर पीटा गया था
एईएन जगनलाल बैरवा ने बताया कि जांच कमेटी ने उनसे पूरे प्रकरण के बारे में पूछा था। उन्होंने पूरा प्रकरण विस्तार से बता दिया। उन्होंने बताया कि विधायक के साथ कोई मारपीट नहीं की गई थी। विधायक सेवा केंद्र मैं शहनवाज हसन और सोहम परमार के साथ पहुंचा ही था कि विधायक जाने के लिए गाड़ी में बैठे थे। जैसे ही मैंने विधायक से मिलने की कोशिश की, बिहाणी ने थप्पड़ मारने शुरू कर दिए और गालियां दी। विधायक के समर्थकों न जमीन पर पटक दिया, लातें मारी और पाइप से पीटा। विधायक खुद भी लगातार लातें मारते रहे। …………………. ये खबर भी पढ़िए…
भाजपा विधायक को अधिकारियों ने पीटा:जयदीप बिहाणी बोले-मेरे चेहरे पर वार किए, लोगों ने कहा-MLA ने अफसरों को गाली दी, मारपीट की श्रीगंगानगर से भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के साथ जनसुनवाई के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। विधायक का आरोप है कि AEN समेत तीन अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की। पूरी खबर पढ़िए एईएन बोले-विधायक ने लातें मारी और पाइप से पीटा:समर्थकों ने जमीन पर पटका, कपड़े फाड़े; जमानत मिली तो पिता से गले लगकर रोई बेटी श्रीगंगानगर में AEN और भाजपा विधायक जयदीप ​बिहाणी के बीच विवाद गहरा गया है। शुक्रवार को राजस्थान अरबन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (RUIDP) के एईएन जगनलाल बैरवा ने कहा- विधायक ने मेरे लातें मारी और पाइप से पीटा। पूरी खबर पढ़िए