डीग जिले में लड़की भगाने की रंजिश में प्रेमी के पिता की गला काटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने लड़के के पिता को पंचायत के बहाने जम्मू से बुलाया। राजीनामे के बाद अपने घर ले गए। इसके बाद हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया। शनिवार सुबह कामां थाना क्षेत्र के सोमका गांव के पास शव मिलने पर सनसनी फैल गई। सूचना पर पहाड़ी थाना अधिकारी योगेंद्र सिंह राजावत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। मृतक की पहचान जम्मू-कश्मीर निवासी मोहम्मद अब्दुल्ला खान के रूप में हुई। मृतक के भाई ने लड़की के पिता समेत 7 लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कराया है। पंचायत के लिए जम्मू से बुलाया मृतक के भाई नजीर अहमद खान पुत्र जुमा खान निवासी कोटी चडियार, थाना बनी, जिला कठुआ (जम्मू) ने पहाड़ी थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि मेरे बड़े भाई मोहम्मद अब्दुल्ला खान का छोटा बेटा हयात खान, पहाड़ी क्षेत्र के एक गांंव से लड़की को भगा ले गया था। पुलिस ने 25 दिन बाद लड़की को दस्तयाब कर लिया था। इसी विवाद को लेकर मैं अपने भाई मोहम्मद अब्दुल्ला खान और भतीजे मोहम्मद वहीद खान के साथ पहाड़ी आया था। जहां पंचायत बुलाई गई। पंचायत में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया। रात को घर ले जाकर सुलाने के बाद ले गए बाहर नजीर अहमद ने बताया- पंचायत के बाद रात करीब 9 बजे हम तीनों लोगों ने पहाड़ी में खाना खाया। इसके बाद लड़की के परिवार के लोग दो गाड़ियों में वहां पहुंचे और हम तीनों को अपने घर चलकर रुकने का आग्रह किया। तीनों लोग उनके साथ उनके गांव गए, जहां हमें लड़की के पड़ोस के घर में ठहराया गया। कुछ देर बाद लड़की के परिजनों सहित 3-4 अन्य लोग कमरे में आए और मोहम्मद अब्दुल्ला को उठाकर बाहर ले गए। नजीर अहमद ने बताया- मैं भी पीछे-पीछे बाहर आया तो देखा कि आरोपी मेरे भाई को जबरन गाड़ी में डालकर ले जा रहे थे। लड़की के पड़ोसी ने मुझसे कहा कि मोहम्मद अब्दुल्ला के पेट में दर्द हो गया है। हॉस्पिटल ले जा रहे हैं। नजीर ने बताया कि तभी हमें शक हो गया था कि मेरे भाई के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। सुबह सूचना मिली कि मेरे भाई की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया गया है। 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज थाना अधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के भाई नजीर अहमद खान की रिपोर्ट पर लड़की के परिजनों सहित 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।