जयपुर पुलिस ने लूट मामले में दो शातिर बदमाशों को अरेस्ट किया है। शराब पार्टी-अय्याशी के लिए बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देते थे। कार में महिला-मित्र को आगे बैठाकर घूमते और लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाकर वारदात करते। करणी विहार थाना पुलिस फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले में फरार साथी बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- लूट मामले में आरोपी संजय (34) निवासी फुलेरा जयपुर ग्रामीण हाल गांव झांई सेज और हेमंत पाठक (23) निवासी महापुरा भांकरोट को अरेस्ट किया है। बदमाश हेमंत पाठक पूर्व में चोरी-नकबजनी के मामलों में चालनशुदा है। पूछताछ में आरोपियों ने अय्याशी और शराब पार्टी करने के लिए अपने साथी संजय व अन्य के साथ मिलकर वारदात करना कबूल किया। वह महिला-मित्र को कार के फ्रंट सीट पर बैठाकर घूमते थे। बस-टैक्सी का इंतजार करते देख व्यक्ति को टारगेट करते। पूछने वाली जगह पर ही जाने की कहकर लिफ्ट के बहाने कार में बैठा लेते। रास्ते में चलती कार में पीछे बैठे अपने साथियों की मदद से मारपीट करते। डरा-धमकाकर मोबाइल-सामान छीनने के साथ ऑनलाइन पेंमेंट ऐप से भी रुपए ट्रांसफर कर लूट लेते थे। 20 दिन पहले की थी वारदात डीडवाना कुचामन निवासी प्रभुराम ने 9 अप्रैल को करणी विहार थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। 9 अप्रैल को 1:40 बजे वह जयपुर से ब्यावर जाने के लिए अजमेर बाइपास पर खड़ा था। दिल्ली रोड की तरफ से एक कार आकर रुकी। कार में ड्राइवर के पास वाली सीट पर एक महिला बैठी थी। ब्यावर जाने की कहने पर वहीं जाने की कहकर कार में बैठा लिया। रास्ते में पिछली सीट पर बैठे उनके दो साथियों ने उसे बीच में बैठाकर मारपीट की। धमकी देकर 1.50 लाख रुपए ऑनलाइन पेमेंट ऐप के जरिए निकाल लिए। लूट की वारदात को अंजाम देकर चलती कार से फेंक बदमाश फरार हो गए।
