भीलवाड़ा कलेक्ट्री के सांख्यिकी विभाग दफ्तर में सांसद दामोदर अग्रवाल ने सरकारी पोर्टल पर जाकर जनगणना से जुड़े सवालों का ब्योरा दिया। सांसद को जानकारी भरवाने में उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग डॉ. सोनलराज कोठारी समेत अन्य अधिकारियों ने मदद की। बता दें कि जिले में जनगणना 2027 के तहत स्वगणना अभियान की शुरुआत हो गई है। सांसद के अलावा जिला कलेक्टर, एसपी, जिला वन अधिकारी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर और सोनल राज कोठारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं स्वगणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर जानकारी दर्ज की। सांसद ने डिजिटल माध्यम से अपना स्वयं-गणना प्रपत्र भरा। इसके बाद उन्होंने कहा- आमजन की सहभागिता ही देश के सशक्त और सुनियोजित विकास की नींव है। सभी नागरिक स्वगणना प्रपत्र भरकर जिम्मेदार व्यक्ति की भूमिका निभाएं। सांसद-अफसरों की पहल से आमजन में उत्साह उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग डॉ. सोनलराज कोठारी ने बताया- सांसद और अधिकारियों की इस पहल से आमजन में भी स्वगणना के प्रति उत्साह बढ़ा है। जिला प्रशासन की ओर से विभागों के जरिए बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। जिले के अधिकतर सरकारी कार्यालयों के कर्मचारी भी खुद इसमें भाग ले रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को शत-प्रतिशत भाग लेने के निर्देश दिए हैं। जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने कहा- स्वगणना के माध्यम से नागरिक सीधे इस राष्ट्रीय कार्य से जुड़ सकते हैं। यह सरल और सुविधाजनक प्रक्रिया है।