जालोर जिले के रानीवाड़ा में विधायक रतन देवासी हादसे में घायल एक बाइक सवार को सांकड़ा पीएचसी लेकर पहुंचे। मगर पीएचसी पर ताला लटका हुआ मिला। इस पर विधायक ने डॉक्टर को फोन कर घटना के बारे में बताया। इसके बाद 30 मिनट बाद पीएचसी पहुंचे चिकित्साकर्मी ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया। विधायक रतन देवासी ने बताया- मंगलवार दोपहर को वे रानीवाड़ा में पांचला से सांकड़ की ओर जा रहे थे। इस दौरान दोपहर 1:30 बजे सांकड़ गांव से दो किलोमीटर पहले एक घायल युवक सड़क पर पड़ा मिला। युवक ने बताया कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद विधायक रतन देवासी अपनी गाड़ी से घायल को सांकड़ पीएचसी लेकर पहुंचे। मगर वहां ताला लगा हुआ था। विधायक ने सरनाऊ बीसीएमओ को किया फोन ताला देखकर विधायक रतन देवासी ने सरनाऊ बीसीएमओ मानवेंद्र सिंह बिश्नोई को फोन पर इसकी सूचना दी। इसके साथ ही सांकड़ पुलिस चौकी से चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। जिन्हें घायल को संभाला। BCMO बोले- इमरजेंसी इलाज के लिए बाहर गया था नर्सिंगकर्मी बीसीएमओ मानवेंद्र सिंह ने बताया- पीएचसी में डॉक्टर का पद अभी खाली है। एक नर्सिंगकर्मी को चार्ज दे रखा है। जिस समय विधायक घायल को लेकर पहुंचे उस समय नर्सिंगकर्मी इमरजेंसी इलाज के लिए बाहर गया हुआ था। सूचना के 15 मिनट बाद मौके पर पहुंचे चिकित्साकर्मी ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उसे छुट्टी दे दी। विधायक बोले-ताले लटके मिलेंगे तो घायलों को मदद कैसे मिलेगी मामले को लेकर रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी ने कहा- क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था के हालात खराब हैं। इस तरह के हालात में लोगों के इलाज कैसे मिल सकेगा। स्टेट हाईवे पर स्थित पीएचसी में अगर ताले लटके होंगे तो घायलों को मदद कैसे मिलेगी। … यह खबर भी पढ़ें किरोड़ीलाल मीणा की कार ने बाइक-सवार को उड़ाया:मंत्री ने कार से उतरकर घायल को संभाला, काफिले की गाड़ी से हॉस्पिटल भिजवाया टोंक में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की सरकारी गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार उछलकर कार के शीशे पर जा गिरा, इसके बाद टकराकर 20 फीट दूर जाकर गिरा। मंत्री ने तुरंत काफिले को रुकवाया और घायल को संभाला। काफिले की दूसरी गाड़ी से लालसोट (दौसा) के सरकारी हॉस्पिटल भिजवाया। (पढ़ें पूरी खबर)