डीडवाना उपखंड क्षेत्र के सिंघाना गांव में एक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब वे अपनी बाइक से घर लौट रहे थे और एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार सिंघाना निवासी ईश्वर राम (63) पुत्र शेराराम अपनी बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे। रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस पायलट राकेश बिजारणिया और ईएमटी आसिफ खान मौके पर पहुंचे और घायल ईश्वर राम को डीडवाना के राजकीय बांगड़ जिला चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, पुलिस ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।