डीडवाना पुलिस ने जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में लगभग 74 लाख 91 हजार 525 रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार की गई। जिले के 12 थानों, जिनमें लाडनूं, मकराना, कुचामन सिटी और परबतसर शामिल हैं, में दर्ज 32 प्रकरणों से संबंधित जब्त माल का निस्तारण किया गया।नशीले पदार्थों को डीडवाना के पास पीर पहाड़ी पर जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति की मौजूदगी में वैज्ञानिक और पारदर्शी तरीके से आग के हवाले किया गया।
नष्ट की गई खेप में भारी मात्रा में विभिन्न मादक पदार्थ शामिल थे। इनमें 50 किलो 245 ग्राम डोडा पोस्त, 166 किलो 930 ग्राम अफीम के पौधे, 38 किलो 518 ग्राम गांजा, 150 ग्राम एमडीएमए और 45.4 ग्राम हीरोइन शामिल थे। पूरी प्रक्रिया के दौरान पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, अपराध शाखा के अधिकारी श्रवण कुमार और सुरेश कुमार, तथा संबंधित थानों के मालखाना प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने बताया कि यह कार्रवाई जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि जब्तशुदा माल के नियमानुसार नष्टीकरण से थानों में लंबित प्रकरणों का बोझ भी कम होगा।
