नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर कोटा से है। यहां घटोद गांव में चंबल नदी के किनारे पर मगरमच्छ ने पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। मगरमच्छ बेटों के सामने पिता नदी में खींचकर ले गया। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. अलवर-दौसा में ओले गिरे, कई जिलों में बारिश
राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से मौसम बदल गया है। जयपुर में बुधवार को सुबह बूंदाबांदी हुई। अलवर और दौसा में ओले भी गिरे। धौलपुर में गर्मी के कारण ट्रेन के जनरल कोच के ब्रेक पैडल में आग लग गई, जिसे कुछ देर बाद बुझा दिया गया। पूरी खबर पढ़ें 2. आसाराम की जमानत 25 मई तक बढ़ाई
राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच ने आसाराम की अंतरिम जमानत 25 मई तक बढ़ा दी है। आसाराम की जमानत 6 मई को खत्म हो रही थी। आसाराम के वकील ने हाईकोर्ट में प्रार्थना पत्र लगाया था, जिसमें बताया कि आसाराम का इलाज अभी जारी है। ऐसे में इलाज पूरा होने तक जमानत बढ़ाई जाए। पूरी खबर पढ़ें 3. शादी के एक दिन पहले दुल्हन की मौत
खैरथल-तिजारा में शादी के एक दिन पहले दुल्हन की मौत हो गई। हल्दी-मेहंदी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान दुल्हन की तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टी आई और घबराहट महसूस हुई। वह कमरे में जाकर लेट गई। कुछ देर बाद मां जगाने गई तो उठी नहीं। पूरी खबर पढ़ें 4. जवाई लेपर्ड एरिया में निर्माण-माइनिंग पर रोक
राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ ने पाली जिले के जवाई लेपर्ड एरिया में नए निर्माण पर पांबदी, खनन सहित होटल-रिसोर्ट के नए लाइसेंस जारी करने पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने राज्य सरकार और वन्यजीव बोर्ड को इस क्षेत्र को ‘अभयारण्य’ घोषित करने पर विचार करने के लिए कहा। पूरी खबर पढ़ें 5. मगरमच्छ ने बेटों के सामने पिता को नदी में खींचा
कोटा के घटोद गांव में चंबल नदी के किनारे भेड़ नहला रहे पिता-पुत्र पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ ने पिता को जबड़ों में दबोच लिया और नदी में खींचकर ले गया। बेटों के जोर-जोर से चिल्लाने पर लोग दौड़कर पहुंचे। करीब 4 घंटे बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर शव मिला। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. बहन की मौत, भाई ने जीजा को मारा डाला
उदयपुर जिले के अंबावी उपरेटा गांव में एक महिला की मौत हो गई। मृतका के भाई को शक था कि जीजा ने उसकी बहन की हत्या की है। इस पर वह जीजा का किडनैप कर जंगल में ले गया और पत्थर से सिर कुचलकर मार डाला। घटना के बाद गांव में तनाव के हालात हैं। पूरी खबर पढ़ें 7. कॉन्स्टेबल ने कार सवार को हाथ जोड़े, पैर छुए
झुंझुनूं में रेलवे स्टेशन के बाहर सड़क पर कॉन्स्टेबल ने कार सवार को हाथ जोड़े और पैर छुए। नाम पूछने पर लड़खड़ाते हुए वर्दी पर लगी नेम प्लेट छुपाने की कोशिश की। इस दौरान वह रोडवेज बस की चपेट में आने से बच गया। लोगों ने कॉन्स्टेबल के नशे में होने का आरोप लगाया। पूरी खबर पढ़ें 8. कोटा के सिटी मॉल में लगी भीषण आग
कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में स्थित सिटी मॉल में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिल्डिंग को खाली करवाया। दमकल की 28 गाड़ियों ने 2 घंटे में आग पर काबू पाया। आग फर्स्ट फ्लोर पर एक स्टोर में लगी थी। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. गिलहरी का आतंक, 18 लोगों को काटा
उदयपुर की मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के आर्ट्स कॉलेज में एक गिलहरी का आतंक है। पिछले 1 महीने में गिलहरी 18 से ज्यादा लोगों पर हमला कर चुकी। हैरत की बात यह है कि कॉलेज में एनिमल एड की टीम भी आई, लेकिन गिलहरी को पकड़ नहीं पाई। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. जयपुर में 2 नगर निगम को एक करने के मामले में सुनवाई
जयपुर में दो नगर निगम को एक करने के मामले में पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष आरआर तिवाड़ी की याचिका पर कल हाईकोर्ट सुनवाई करेगा।
