राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को कई जगह सेम्पल लेकर कार्यवाही की। भीषण गर्मी को देखते हुए जिला कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी CMHO खुशपाल सिंह के निर्देशन में टीम ने शहर के बस स्टैंड और रतलाम रोड स्थित दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में सड़े हुए आम और मिलावटी पेय पदार्थ पकड़े गए। ​सड़े आम से बन रहा था जूस ​कार्रवाई के दौरान नया बस स्टैंड स्थित अरविंद ज्यूस सेंटर पर भीषण लापरवाही देखने को मिली। यहां प्लास्टिक की टंकियों में करीब 25 किलो सड़े हुए आम रखे मिले। जिनका उपयोग जूस बनाने में किया जा रहा था। साथ ही 22 लीटर बना हुआ आम रस भी जब्त किया गया, जिसमें कृत्रिम रंगों की मात्रा बहुत ज्यादा थी। विभाग ने जन स्वास्थ्य को खतरे में देखते हुए इस पूरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। ​इन दुकानों से लिए गए सैंपल अबीज फ्रूट एंड जूस सेंटर: आम रस का सैंपल लिया गया और साफ-सफाई के लिए पाबंद किया गया। ​पूर्णिमा किराना एवं जनरल स्टोर (नया बस स्टैंड): यहाँ पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर कोल्ड ड्रिंक (स्प्राइट – लेमन फ्लेवर) का सैंपल लिया गया। ​श्याम किराना स्टोर (कॉलेज रोड): बस स्टैंड पर रोके गए एक टेम्पो में ‘HYCOOL’ ब्रांड का पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर मिला, जो मिसब्राण्ड पाया गया। टीम ने गोदाम पर जाकर इसके सैंपल लिए और जांच के लिए भेजे। ​अभियान के दौरान दूध में दो डेयरियों के सैंपल भी लिए गए हैं। ​काली कल्याण दूध डेयरी (कालिका माता मंदिर के सामने) ​श्री कृष्णा दूध डेयरी (पृथ्वीगंज, बांसवाड़ा) खाद्य अधिकारी उम्मेदमल टेलर ने बताया कि गर्मी के मौसम में खान-पान को लेकर सतर्क रहें। यदि कहीं भी मिलावट की आशंका हो, तो तुरंत शिकायत दर्ज कराए।