मध्यप्रदेश के रियल एस्टेट और सराफा कारोबारी से 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में वांटेड दुर्गेश सोनी को बीकानेर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में बीकानेर के तीन युवकों का कनेक्शन सामने आया था, जिसमें दो पहले ही पकड़े जा चुके हैं। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि तीनों लॉरेंस गैंग के लिए काम कर रहे थे। फिरौती की रकम गैंगस्टर्स तक पहुंचाते थे। इनमें दुर्गेश सोनी(20) के फोन से ही सराफा कारोबारी को धमकी दी गई थी। दुर्गेश सोनी को दो पिस्टल के साथ बुधवार को ही गिरफ्तार किया है। उस पर एमपी पुलिस ने 20 हजार रुपए का इनाम भी रखा था। 18 मार्च को बीकानेर से फोन कर धमकी दी थी
भोपाल के पार्वती नगर निवासी रियल एस्टेट और सराफा कारोबारी गौरव जैन ने कोलार रोड थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि 18 मार्च की रात करीब 10:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से वॉट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को ‘हैरी बॉक्सर’ बताते हुए कहा कि वह लॉरेंस गैंग से जुड़ा है और गौरव जैन को 10 करोड़ रुपए तैयार रखने होंगे। साथ ही आरोपी ने उन्हें अपने परिचितों से मिल लेने और अपने बारे में इंटरनेट पर जानकारी जुटाने की बात भी कही। इसमें बीकानेर के दुर्गेश समेत कुल तीन युवकों का कनेक्शन सामने आया था। जांच में सामने आया कि दुर्गेश ने ही बिजनेसमैन को कॉल कर फिरौती मांगी थी। पुलिस ने कड़ी निगरानी के बाद दिनेश सुथार और जयप्रकाश डारा को पकड़ लिया था। इसके बाद फिरौती मांगने वाले मुख्य आरोपी दुर्गेश सोनी को बुधवार को कोतवाली थाना क्षेत्र से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। लौरेंस और हेरी बॉक्सर से कॉन्टेक्ट में थे
एसपी कच्छावा ने बताया कि दुर्गेश का संबंध गैंगस्टर लौरेंस और हैरी बॉक्सर दोनों से हैं। इन दोनों के इशारे पर ही वो बीकानेर से देशभर में गतिविधियां संचालित कर रहा था। उसे अब मध्यप्रदेश की एटीएस के हवाले किया जाएगा। इसके बाद उसे बीकानेर में अलग-अलग कोर्ट में दर्ज मामलों में पेश किया जाएगा। एसपी ने बताया कि दुर्गेश सोनी से बरामद दोनों पिस्टल अवैध है। ऐसे में उस पर अब बीएनएस की धाराओं के तहत अलग से मामला भी दर्ज किया जा रहा है। साथ ही पुलिस उसके नेटवर्क का पता लगा रही है। हथियार कहां से आए और किसने सप्लाई किए, इसकी जांच की जा रही है। बीकानेर पुलिस की टीम में सीओ सिटी अनुज डाल, कोतवाली थानाधिकारी सविता, एएसआई राकेश, सुखलाल, कॉन्स्टेबल हंसराज, मनफूल, प्रीतम शामिल रहे। हत्या के मामले में जमानत पर है दुर्गेश
एसपी ने बताया कि दुर्गेश सोनी निवासी फड़बाजार हत्या का आरोपी है। 2023 में व्यास कॉलोनी गोल मार्केट में वंडरपुरी टी-स्टॉल पर चाकू मारकर यश ओझा की हत्या की गई थी। इस मामले में दुर्गेश जमानत पर था, जो भोपाल में फिरौती के वारदात के बाद फरार हो गया था। इसके खाते में फिरौती की रकम डाली गई, जो उसने अन्य आरोपियों को भी ट्रांसफर की। हालांकि कितनी रकम आई, इसकी जांच कर रहे हैं। दूसरा आरोपी जयप्रकाश डारा निवासी फड़बाजार आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 17 केस दर्ज हैं। उसने अन्य आरोपियों को आर्थिक मदद और संसाधन उपलब्ध कराए थे। वह 25 फरवरी को ही बालिग हुआ है। तीसरा साथी दिनेश सुथार निवासी बी. सेठिया गली का रहने वाला है। वो दुर्गेश सोनी का दोस्त है। फिरौती मामले में उसके खाते में भी ट्रांजेक्शन हुआ था। फिलहाल उसे भोपाल पुलिस ले गई है। तीनों आरोपी वसूली की रकम को गैंगस्टर्स तक पहुंचाते थे और नेटवर्क की अहम कड़ी है।