बठिंडा की रामपुरा फूल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 160 किलोग्राम चूरा पोस्त और एक कार के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से वकील है, जिसने कुछ दिन पहले ही वकील बनने की खुशी में लड्डू बांटे थे। रामपुरा फूल पुलिस को यह सफलता बाईपास पर लगाए गए एक नाके के दौरान मिली। पुलिस ने एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार (नंबर 7721) को रोकने का प्रयास किया, जिस पर कार चालक ने भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने उसे काबू कर लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 1 क्विंटल 60 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। रामपुरा फूल के पास सेटेलको चौक से काबू पुलिस के अनुसार, आरोपी को रामपुरा फूल के पास सेटेलको चौक से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह चूरा पोस्त राजस्थान से लाया गया था। आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। एसपी डी जसमीत सिंह ने इस गिरफ्तारी को पंजाब पुलिस की बड़ी सफलता बताया। उन्होंने जानकारी दी कि आरोपी का दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया गया है और आगे की जांच-पड़ताल जारी है।