जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की स्पेशल सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 300 ग्राम हेरोइन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के दिशा-निर्देशों पर डीसीपी इन्वेस्टिगेशन के नेतृत्व में स्पेशल सेल की टीम ने की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसबीर सिंह (निवासी गांव चक्क झंडा) और कुलविंदर सिंह (निवासी गांव सेखूपुर) के रूप में हुई है। पुलिस टीम 26 अप्रैल 2026 को गश्त के दौरान संदिग्धों की तलाश में थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल (PB09-AH-6441) पर सवार दो व्यक्तियों को रोका गया। दोनों के खिलाफ केस दर्ज तलाशी लेने पर उनके पास से 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में संबंधित थाने में NDPS एक्ट की धारा 21C, 29, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी जसबीर सिंह के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं, जबकि कुलविंदर सिंह का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वे यह नशा किससे प्राप्त करते थे और आगे किसे बेचते थे। अधिकारियों ने बताया कि नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह से खत्म करने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।