जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने सोमवार को विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों में तेजी लाने और आमजन से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने विभागवार ‘संपर्क पोर्टल’ के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 15 दिनों से अधिक पुराने परिवादों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को इन प्रकरणों की नियमित निगरानी करने को भी कहा। बैठक में 28 अप्रैल से शुरू होने वाले ‘ग्राम रथ अभियान’ की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को ग्राम पंचायत स्तर पर रूट चार्ट तैयार करने, योजनाओं के प्रचार-प्रसार और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति जैसी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। गर्मी के मौसम और लू-तापघात की आशंका को देखते हुए चिकित्सा विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। अस्पतालों में लू से प्रभावित मरीजों के लिए अलग वार्ड तैयार करने, पंखे, कूलर और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त विद्युत, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सार्वजनिक निर्माण, उद्योग और पशुपालन विभाग के कार्यों तथा बजट घोषणाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री विकसित ग्राम शहरी वार्ड अभियान के तहत मास्टर प्लान और सुझावों की प्रगति पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (विकास) मोहन भाटी, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, अधीक्षण अभियंता एफ.आर. मीणा, सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र चौधरी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को योजनाओं की गति बढ़ाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जवाबदेही के साथ काम करने पर जोर दिया।
