पावटा उपखंड में सोमवार को ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन पावटा नायब तहसीलदार संजय खेदड़ को दिया गया, जिसमें गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की प्रमुख मांग उठाई गई। इस दौरान क्षेत्र के जागरूक नागरिकों, गौ भक्तों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी लोग श्री कृष्ण गौशाला से शांतिपूर्ण यात्रा के रूप में रवाना होकर पावटा उपखंड कार्यालय पहुंचे। मुख्य मार्गों से निकली यात्रा, गूंजे गौ माता के जयकारे यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां प्रदर्शनकारियों ने गौ संरक्षण और सम्मान को लेकर अपनी मांगें रखीं। रास्ते भर ‘गौ माता की जय’ और ‘गौमाता – राष्ट्रमाता’ जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा। रैली के दौरान लोगों ने गौमाता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए संरक्षण का संकल्प भी दोहराया। स्थानीय लोगों ने भी जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। ज्ञापन में उठाई गईं ये प्रमुख मांगें प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने के साथ-साथ गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। इसके अलावा गौ संरक्षण के लिए सख्त और प्रभावी कानून बनाने की भी अपील की गई। गौ रक्षकों का कहना है कि गौमाता केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन से भी गहराई से जुड़ी हुई हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, शांति और गरिमा का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जनजागरण और सम्मान का दिया संदेश अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में गौ माता के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना और गौ सेवा व संरक्षण के प्रति जनजागरण फैलाना रहा। उपस्थित लोगों ने गौमाता के सम्मान और सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।