झुंझुनूं जिले में तेज रफ्तार कार पलटने से तीन दोस्तों की मौत हो गई। वहीं कार चला रहा युवक गंभीर घायल हो गया। हादसा धनूरी थाना में झुंझुनूं-मंड्रेला रोड पर शनिवार देर रात 1 बजे हुआ। चारों दोस्त भजन संध्या में शामिल होकर झुंझुनूं शहर लौट रहे थे। जहां हादसा हुआ, वह जगह झुंझुनूं शहर से 5 किलोमीटर दूर है। SHO संजय गौतम ने बताया- शुरुआती जांच में सामने आया है कि सड़क पर अचानक जानवर आने के कारण ड्राइवर कार पर नियंत्रण खो बैठा। कार की स्पीड ज्यादा होने के कारण वह कई बार पलटी। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, एक्सीडेंट इतना भयावह था कि कार तीन से चार बार पलटी खाते हुए 15 फीट दूर खेत में आ गई। एक युवक का शव हादसे के करीब एक घंटे बाद खेत के दूसरे छोर पर मिला। कार के सामने आ गया था जानवर SHO संजय गौतम ने बताया- झुंझुनूं के चोमालो का मोहल्ला निवासी सुनील शुक्ला (33), रानी सती मंदिर के पास रहने वाला गौरव सैनी (21), विजय ढंड और जितेंद्र वालिया सोनासर स्थित हीरा की ढाणी गए थे। वहां पर भजन संध्या थी। देर रात चारों झुंझुनूं शहर लौट रहे थे। सड़क पर अचानक आए जानवर को बचाने के चक्कर में उनकी वरना कार अनियंत्रित हो गई। आसपास के लोगों ने जानकारी दी कि कार ने तीन से चार बार पलटी खाई और खेत में आ गई। हादसे में सुनील, गौरव और विजय की मौके पर ही मौत हो गई। इनके पीछे दो से तीन कारें और थीं। उनमें सवार लोग मौके पर रुके। शवों को अपनी गाड़ियों में डालकर झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल पहुंचे। वहीं कार चला रहा युवक जितेंद्र वालिया गंभीर घायल हो गया। उसे भी इलाज के लिए बीडीके हॉस्पिटल लेकर आए। हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर के SMS हॉस्पिटल रेफर किया गया। प्रत्यक्षदर्शी बोला- दो शव कार के पास थे, तीसरा एक घंटे बाद मिला प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि देर रात धमाके जैसी आवाज आई तो हम दौड़कर सड़क पर आए। यहां धूल का गुबार उठा हुआ था। खेत में पड़ी एक कार के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए थे। ऐसा लग रहा था कि कार अनियंत्रित होकर हवा में उछलकर खेत में गिरी है। क्योंकि तीन लोग (दो मृतक और एक घायल) कार के पास ही थे। वहीं एक युवक का शव खेत के दूसरे छोर पर एक घंटे बाद मिला। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ी को खेत से हटवाया। सुनील पूजा-अर्चना करवाने का काम करता था। वहीं विजय और गौरव, दोनों हलवाई थे। बड़े इवेंट और शादियों के कॉन्ट्रैक्ट लेते थे। रविवार दोपहर तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। … हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… बाइक छोड़ कार में बैठे,गाड़ी पलटने से 3 की मौत:दोस्त ने कहा था रात में मोटरसाइकिल से जाना ठीक नहीं; एक साथ जली चिता झुंझुनूं में सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत हो गई, जबकि 1 गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने बताया- चारों दोस्त घर से 13 किलोमीटर दूर भजन संध्या में गए थे। रात 1 बजे कार्यक्रम समाप्त हुआ। रात ज्यादा होने के कारण तीन दोस्तों ने बाइक वहीं खड़ी कर दी। चौथे दोस्त की कार से चारों घर के लिए रवाना हुए थे। (पूरी खबर पढ़ें)