कोटा में शादी से 8 दिन पहले युवक के मर्डर मामले में मंगेतर और उसके पिता समेत 4 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कई अहम खुलासे हुए हैं। इटावा थाना पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि लड़की वाले अभी शादी करना नहीं चाहते थे। उनके मना करने पर भी लड़के वालों ने कार्ड छपवा कर बांट दिए। मैरिज गार्डन और हलवाई बुक कर लिया। इसके बाद लड़की के पिता ने अपने परिवार के साथ मिलकर लड़के के हाथ-पैर तुड़वाने की प्लानिंग की, ताकि 27 अप्रैल का लग्न और 1 मई को होने वाली शादी टल जाए। दरअसल, 22 अप्रैल को कोटा के इटावा में धर्मेंद्र सेन (26) की हत्या कर दी गई थी। धर्मेंद्र सेन अंगूठी का नाप देने के लिए ससुराल आया था। घर वापस जाते समय 3 हमलावरों ने लाठी और डंडों से हमला किया। इलाज के दौरान धर्मेंद्र सेन ने दम तोड़ दिया था। अब 7 पॉइंट में समझिए मर्डर की पूरी कहानी.. 1. मंगेतर और ससुर समेत 4 गिरफ्तार ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया- शनिवार को धर्मेंद्र सेन (26) की हत्या के आरोप में मुकुट गोचर (27) निवासी नोनेरा, धर्मेंद्र उर्फ धर्मराज (28) निवासी नोनेरा, जोधराज सैन (45) और उसकी बेटी (मंगेतर) दीक्षा सैन (20) निवासी मुंगेना को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी मुकुट के खिलाफ इटावा, कैथून, खातौली थाने में 8 और धर्मराज के खिलाफ इटावा, बूढादित थाने में 4 मामले दर्ज हैं। इस मामले में चेतन सैन और लड़की का भाई फरार है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। 2. होने वाले जीजा को एक दिन पहले कपड़े दिलवाए ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया- वारदात से एक दिन पहले 21 अप्रैल को पिता के कहने पर साला अपने होने वाले जीजा धर्मेंद्र के पास सीसवाली आया। होने वाले जीजा को सीसवाली में कपड़े की खरीददारी करवाई। अगले 22 अप्रैल को कोट पेंट व अंगूठी के नाप के लिए इटावा आने को कहा। 3. वारदात के दिन फोन पर लोकेशन लेते रहे सुजीत शंकर ने बताया- 22 अप्रैल की दोपहर होने वाला जीजा धर्मेंद्र इटावा पहुंचा। साले के साथ जाकर अंगूठी का नाप दिया। धर्मेंद्र के इटावा पहुंचने से पहले ही सुबह से चेतन सैन (लड़की का चाचा ) व साले के बीच फोन पर लोकेशन को लेकर बात होती रही। दोनों के बीच 5 से ज्यादा बार फोन पर बात हुई। चेतन अपने भतीजे से फोन पर अपडेट लेकर आरोपी मुकुट को बताता रहा। इधर मंगेतर दीक्षा भी अपने चाचा चेतन को फोन करती रही और लोकेशन के बारें में बताती रही। 4. सुनसान इलाके में ले जाकर हमला करवाया सुजीत शंकर ने बताया- प्लानिंग के तहत साला अपने जीजा को बाइक पर घुमाता रहा। होने वाले जीजा को दोपहर में बाइक पर बैठाकर झरेर के बालाजी ले गया। लेकिन वहां लोगों की आवाजाही थी। फिर मंदिर से पानी (जल) लाने का बहानाकर जलेश्वर महादेव मंदिर गौण्दी ले गया। गौण्दी व गणेशगंज के बीच सुनसान इलाका रहता है। वहां पहले से ही मुख्य आरोपी मुकुट अपने साथियों के साथ घात लगाए बैठा था। 5. पहचान छिपाने के लिए मुंह पर कपड़ा बांधा सुजीत शंकर ने बताया- आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। जैसे ही मृतक धर्मेंद्र अपने साले के साथ महादेव मंदिर से लौट रहा था, आरोपियों ने उनकी बाइक के आगे खुद की बाइक लगा दी। आरोपी मुकुट ने धर्मेंद्र को बाइक से खींचकर उतारा। आरोपियों ने लाठी, डंडे व पाइप से धर्मेंद्र पर हमला कर दिया। साला मौके से फरार हो गया। हमले में मंगेतर दीक्षा का चाचा चेतन भी शामिल था। 6. कमर का नीचे का हिस्सा तोड़ना था ताकि उठ ना सकें सुजीत शंकर ने बताया- लड़की के पिता ने होने वाले जवाई के कमर का नीचे वाला हिस्सा तोड़ने की सुपारी दी थी, ताकि शादी कैंसिल हो जाए। लेकिन आरोपियों ने शराब के नशे में धर्मेंद्र पर ताबड़तोड़ वार किए और लहूलुहान हालात में छोड़कर फरार हो गए। 7. भाई के साथ शिकायत देने थाने पहुंची मंगेतर वारदात के बाद साले ने घर आकर सारी बात बताई। लड़की के पिता ने धर्मेंद्र के पिता प्रभुलाल को गाड़ी अड़ने की बात पर झगड़े में धर्मेंद्र के घायल होने की सूचना दी। इधर मंगेतर अपने भाई को लेकर शिकायत देने थाने पहुंच गई। जबकि दीक्षा का पिता अपने समधी प्रभुलाल के साथ घायल धर्मेंद्र को लेकर कोटा हॉस्पिटल आ गया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी में 2 बातें भी सामने आई। पहली ये कि लड़के वालों ने शादी की एवज में लड़की वालों को कुछ पैसा दिया था। लड़की वालों को दूसरी जगह से रिश्ता आ रहा था। वो ज्यादा पैसे दे रहे थे। दूसरा, मंगेतर दीक्षा को धर्मेंद्र पसंद नहीं था। धर्मेंद्र उम्र में दीक्षा से 5 साल बड़ा था। दोनों की फोन पर कभी कभार ही बात होती थी। दीक्षा किसी ओर लड़के से एकतरफा प्यार करती थी, और उससे शादी करना चाहती थी। हालांकि इन बातों की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। —- मर्डर केस से जुड़ी ये 2 खबरें भी पढ़िए… 1. लड़का पसंद नहीं था,10 हजार देकर मंगेतर के हाथ-पैर तुड़वाए:ज्यादा पीटने से मौत, शादी से 8 दिन पहले रची साजिश; भाई को भी किया शामिल 2. कोटा में शादी से 8 दिन पहले युवक का मर्डर:ससुराल अंगूठी का नाप देने गया था, रास्ते में बदमाशों ने हमला किया, परिवार बोला- मंगेतर-साले पर शक
