प्रतापगढ़ के 28 साल के डॉक्टर की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मोहित की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि मोहित के सिर के पीछे वाले हिस्से, कान के आसपास और सिर के ऊपरी साइड (ऑक्सीपिटल-टेम्पोरल-पैराइटल क्षेत्र) में चोट के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा गले के बाएं हिस्से पर भी स्पष्ट मार्क मिला है। सबसे अहम बात यह है कि उसके पेट में पानी नहीं पाया गया, जिससे यह आशंका मजबूत होती है कि उसकी मौत पहले ही हो चुकी थी और बाद में शव को कुएं में डाला गया। शुरुआत में इसे सामान्य हादसा माना जा रहा था, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, वैसे-वैसे इस केस में कई नए तथ्य सामने आए हैं। शादी में शामिल होने आया, फिर अचानक गायब बांसवाड़ा जिले के मछारसाथ गांव निवासी डॉ. मोहित मछार 15 अप्रैल को दोस्त की शादी में शामिल होने प्रतापगढ़ के पीपलखूंट थाना क्षेत्र के बोरी पी गांव पहुंचा था। परिवार के अनुसार, रात करीब 11 बजे के बाद उसका मोबाइल अचानक बंद हो गया और उससे संपर्क टूट गया। शुरुआत में परिजनों को लगा कि वह किसी काम में व्यस्त होगा, लेकिन जब पूरी रात और अगला दिन बीत गया तो चिंता बढ़ गई। परिजनों ने खुद तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार गुमशुदगी दर्ज कराई गई। बीड़ी मांगने को लेकर स्थानीय युवकों से कहासुनी जांच में सामने आया है कि घटना वाली रात करीब 8 से 9 बजे के बीच डॉक्टर मोहित का गांव के तीन स्थानीय युवकों से झगड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि युवकों ने उनसे बीड़ी मांगी थी, जिस पर कहासुनी हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया था और सभी अपने-अपने रास्ते चले गए। अब पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से देख रही है कि क्या यह मामूली झगड़ा आगे चलकर किसी बड़ी वारदात में बदल गया। पुलिस ने शादी समारोह के वीडियो खंगाले गए तो पता चला कि जिन तीन युवकों से झगड़ा हुआ था, वे उसी शादी में भी मौजूद थे। परिवार का कहना है कि इन लोगों का शादी से कोई संबंध नहीं था और वे स्थानीय होने के कारण वहां पहुंचे थे। वहीं जांच में यह भी सामने आया कि उन्हीं में से एक युवक ने मोहित को गांव से बाहर अकेले न जाने की धमकी दी थी। डॉक्टर के दोस्तों पर भी शक की सुई इस केस में एक और चौंकाने वाला एंगल सामने आया है। मोहित के साथ शादी में मौजूद उसके कुछ डॉक्टर दोस्तों पर भी शक जताया जा रहा है। पुलिस उन सभी लोगों से पूछताछ कर रही है, जिनके साथ मोहित आखिरी बार देखा गया था। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले और बाद में वह किन-किन लोगों के संपर्क में था। पुलिस को कुछ संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले हैं, जिसके चलते दोस्तों की भूमिका भी जांच के घेरे में है। परिजनों का दावा: भागने की कोशिश में छूटे सबूत मोहित के चाचा कलसिंह मछार के अनुसार, जब परिवार पीपलखूंट पहुंचा तो उन्होंने घटनास्थल के आसपास खुद तलाश शुरू की। कुएं से कुछ दूरी पर वह जगह मिली जहां मोहित आखिरी बार अपने दोस्तों के साथ था। पास के एक खेत में तारबंदी के बीच उसका एक जूता फंसा मिला, जबकि दूसरा जूता कुछ दूरी पर पड़ा था। वहीं खून से सनी शर्ट और एक पॉलिथीन भी बरामद हुई। परिजनों का आरोप है कि इन हालात से साफ है कि मोहित ने हमले के दौरान बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे पकड़कर बेरहमी से मार डाला। इस केस का सबसे चौंकाने वाला पहलू है शव का अर्धनग्न अवस्था में मिलना। जब मोहित का शव कुएं से बाहर निकाला गया, तो उसके शरीर के निचले हिस्से पर कोई कपड़ा नहीं था। बाद में उसकी पेंट कुएं से ही बरामद हुई। 3 दिन पानी में रही लाश 19 अप्रैल की सुबह गांव में शादी स्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर एक कुएं में युवक का शव दिखाई देने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। शव की शिनाख्त डॉ. मोहित के रूप में हुई। 3 दिन पानी में रहने के कारण शव बुरी तरह फूल चुका था और सड़ने लगा था। इसके अलावा परिजनों को ये भी शक है कि मोहित को कहीं और मारा गया है उसके बाद उसकी लाश इस कुएं में फेंकी गई है। कुएं से बरामद हुए अहम सबूत जांच के दौरान पुलिस ने 20 अप्रैल को कुएं का पानी खाली करवाया। कुएं से मोहित का पर्स, मोबाइल फोन, पेंट और अंडर गारमेंट बरामद किए गए। पर्स में उसका आईडी कार्ड, दो एटीएम कार्ड और कुछ दवाइयां भी थीं। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है। सबसे अहम बात यह रही कि अगर यह लूट या चोरी का मामला होता तो ये सामान गायब होते। सब कुछ कुएं में ही मिलना इस ओर इशारा करता है कि मामला कुछ और है। पीपलखूंट थाना एसएचओ छबीलाल का कहना है कि परिजनों ने पूरे मामले को हत्या बताते हुए केस दर्ज कराया है। हमने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के इलाकों में मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैड इंजरी आई है। जल्द ही मामले से जुड़ा पूरा सच सामने आ जाएगा।