जोधपुर में कॉलेज स्टूडेंट ने सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल को बीच सड़क जमकर पीटा। युवक ने प्रिंसिपल को गाली-गलौज करते हुए चेहरे पर मुक्के मारे, पेट पर लात मारी। वहीं गला दबाया। इसके बाद जमीन पर पटककर मारा। इसके बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करते हुए प्रिंसिपल को बचाने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी युवक ने उन्हें भी धमकी देते हुए उन्हें भी अपशब्द कहे। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। घटना बनाड़ थाना इलाके की शनिवार शाम 6:45 बजे की है। लक्ष्मण नगर नांदड़ी निवासी शिवराम (52) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि मैं नांदड़ी के सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल हूं। मैं किसी काम से जा रहा था। इस दौरान आरोपी युवक ने मारपीट की। पुलिस ने बाद में आरोपी युवक मोहित (24) निवासी सारण नगर को शनिवार रात गिरफ्तार किया। पहले देखें घटना की 4 PHOTOS चेहरे और नाक पर खून आया, लोगों ने बचाया पीड़ित शिवराम ने बताया- श्रीराम कॉलोनी सारण नगर से शनिवार शाम 6:45 बजे जा रहा था। अचानक फोन आने पर स्कूटी रोककर उस पर बैठा था। तभी एक युवक पीछे से आया और उसने पहले स्कूटी को लात मारी। जब उसे इस बात के लिए टोका तो वह गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। युवक ने मुझे चेहरे पर मुक्के मारे और पेट पर लात मारी। जमीन पर गिराने से मेरे चेहरे और नाक पर खून भी आ गया। उन्होंने कहा- इसके बाद आसपास के स्थानीय लोग एकत्र हुए और मुझे युवक से बचाया। शिवराम के मुताबिक वे युवक से पहले से परिचित नहीं हैं। वहीं युवक ने बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी गाली-गलौज की कोशिश की। एक महिला को अपशब्द भी कहे। पुलिस ने कहा- आरोपी कॉलेज स्टूडेंट युवक गिरफ्तार, कहा- गुस्से में मारा मामले के जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक बीजाराम ने बताया- आरोपी युवक सारण नगर निवासी मोहित को शनिवार रात को गिरफ्तार कर लिया है। वह कॉलेज स्टूडेंट है। मारपीट को लेकर युवक ने बताया कि उसे गुस्सा आ गया था। इस वजह से उसने मारपीट की। पुलिस अब आरोपी युवक मोहित को कोर्ट में पेश कर आगे की पूछताछ करेगी।