झालावाड़ की तपती गर्मी में जब इंसान ही नहीं, बल्कि बेजुबान पक्षी भी पानी के लिए तरस रहे हैं, ऐसे में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने संवेदनशील पहल करते हुए ‘परिंडा अभियान’ की शुरुआत की है। शहर के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज से शुक्रवार को शुरू हुए इस अभियान के तहत पेड़ों और सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे (पानी के बर्तन) बांधे जा रहे हैं, ताकि पक्षियों को राहत मिल सके। यह अभियान 20 अप्रैल से 14 मई तक पूरे चित्तौड़ प्रांत में चलाया जा रहा है।
जिला संयोजक रवि मेघवाल ने बताया कि जिलेभर में 5 हजार परिंडे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं प्रदेश एसएफडी संयोजक अंकित देव गुर्जर ने खुद परिंडे बांधकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और जीव सेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सिर्फ परिंडे बांधना ही नहीं, बल्कि उनमें रोजाना पानी भरना भी उतना ही जरूरी है। बढ़ती गर्मी में जहां इंसानों को राहत की जरूरत है, वहीं पक्षियों के लिए पानी जीवन का सवाल बन जाता है।
एबीवीपी ने युवाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों की छतों और बालकनी में भी परिंडे लगाएं, ताकि कोई भी पक्षी प्यास से दम न तोड़े। इस पहल में अजय कुमार, पंकज मेघवाल, नितिन लोधा, हर्ष पाटीदार, बीरम, जमनेश सहित कई छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मानवता का संदेश दिया।
