सिरोही के स्वरूपगंज थाना क्षेत्र के मांडवाड़ा खालसा गांव में बुधवार शाम दो झोपड़ियों में आग लग गई। इस घटना में मां गुड़ा देवी और उनकी बेटी पायल गंभीर रूप से झुलस गईं। आग से झोपड़ियों में रखा सारा घरेलू सामान भी जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और झुलसी हुई मां-बेटी को प्राथमिक इलाज के लिए स्वरूपगंज अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए सिरोही के सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4 बजे अज्ञात कारणों से झोपड़ियों में आग लगी। आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई और झोपड़ियों सहित सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही स्वरूपगंज थानाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस इस मामले में आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।