धौलपुर में मंगलवार को एक दिवसीय युवा संबल मेले का आयोजन किया गया। राजस्थान सरकार की पहल पर जिला मुख्यालय पर आयोजित इस मेले में लगभग 1500 पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिले। यह आयोजन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को बेहतर रोजगार उपलब्ध कराना था। जिला रोजगार अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि राज्य सरकार ने रोजगार दिवस, रोजगार मेला और प्रशिक्षुता मेले को एकीकृत कर युवाओं के लिए एक साझा मंच तैयार किया है। यह पहल एमएसएमई एवं रोजगार विभाग के समन्वय से संचालित की जा रही है। यह मेला नगर परिषद मेला ग्राउंड, मचकुंड रोड, धौलपुर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मेले में धौलपुर के अलावा नीमराणा, भिवाड़ी, कोटा, टपूकड़ा, खुशखेड़ा, शाहजहांपुर, अलवर, गुरुग्राम, नोएडा और चेन्नई जैसे विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से लगभग 25 कंपनियों ने भाग लिया। इनमें लार्सन एंड टुब्रो, जी4एस, पुखराज हेल्थ केयर, आमधाने प्रा. लि. और गुडविल इंडिया जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल थीं। इन कंपनियों ने विभिन्न सेक्टरों में उपलब्ध करीब 1500 रिक्त पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया। चयन प्रक्रिया संबंधित संस्थानों के निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न हुई। जिला प्रशासन और रोजगार कार्यालय ने मेले में आए युवाओं और कंपनियों के बीच समन्वय स्थापित किया, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को रोजगार मिल सके। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से मौके पर ही पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई थी। प्रशासन ने युवाओं से ऐसे आयोजनों का लाभ उठाकर रोजगार के अवसरों को प्राप्त करने की अपील की है।
