अजमेर कलेक्टर लोकबंधु ने मंगलवार को तहसील अजमेर और डीएसओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा- तहसील और डीएसओ जैसे कार्यालय सीधे आमजन से जुड़े होते हैं, इसलिए यहां कार्यप्रणाली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और अधिकारियों से आवश्यक जानकारी भी ली गई। उन्होंने एसएसओ पोर्टल पर लंबित फाइलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए आमजन को आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक कामकाज में देरी खत्म कर व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाएगा। औचक निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मचारी गैरहाजिर मिले, जिनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, डीएसओ 2 भी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। संपर्क करने पर उन्होंने फील्ड में होने की जानकारी दी, जिसकी जांच कराई जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि जल्द ही सिस्टम को अपडेट कर कार्यप्रणाली में सुधार लाया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
