जिले के मावा गांव में मंगलवार को खेजड़ी के पेड़ से गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वह पेड़ की टहनियों की छंटाई कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार मावा निवासी रत्ना राम (70) पुत्र मोहनलाल अपने खेत में खेजड़ी के पेड़ पर चढ़कर टहनियां काट रहा था। इसी दौरान जिस डाली के सहारे वे खड़ा था, वह अचानक टूट गई। संतुलन बिगड़ने से वे ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत डीडवाना के राजकीय बांगड़ जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। ट्रॉमा वार्ड में चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर हालत के कारण इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
