दिगम्बर जैन मंदिर अतिशय क्षेत्र बाड़ा पदमपुरा में भगवान पदमप्रभु का 82वां प्राकट्य दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष सुधीर जैन और मंत्री हेमंत सौगाणी ने बताया कि सुबह गाजे-बाजे के साथ मंदिर से चरण छत्री तक एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पारस जैन नासिरदा और अमन जैन कोटखावदा ने बताया कि श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चारण के साथ चरण छत्री और मंदिर में विराजमान मूलनायक भगवान पदमप्रभु का अभिषेक किया। उन्होंने विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ शांतिधारा भी की। इसके बाद, साज-बाजे के साथ दिव्य महामंडल विधान का आयोजन हुआ। शाम को महाआरती के साथ इन धार्मिक कार्यक्रमों का समापन हुआ, जिसमें भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।