नागौर CMHO डॉ. जुगल किशोर सैनी ने मंगलवार को जिले के चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़वा और उप स्वास्थ्य केंद्र अठीयासन में दवाओं, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति व रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा की। हीट वेव से निपटने के निर्देश
डॉ. सैनी ने गर्मी और हीट वेव को देखते हुए अस्पतालों में ओआरएस, जीवनरक्षक दवाएं, पेयजल, शीतल कक्ष और आपातकालीन उपचार व्यवस्था 24 घंटे सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लू से बचाव के लिए आमजन में जागरूकता गतिविधियां चलाने को भी कहा।
एचपीवी टीकाकरण पर जोर
सीएमएचओ ने 15 वर्ष तक की बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति परखी। स्टाफ को निर्देश दिए कि स्कूलों में जाकर बालिकाओं और अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव में एचपीवी टीके का महत्व बताएं और शत-प्रतिशत पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी बनाने को कहा
निरीक्षण के दौरान डॉ. सैनी ने नियमित टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, लैब जांच, दवा वितरण और जननी सुरक्षा योजनाओं को प्रभावी रूप से चलाने के निर्देश दिए। समय पर ओपीडी, मरीजों से संवेदनशील व्यवहार और शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने को कहा। स्कूल में छात्राओं से संवाद
सीएमएचओ ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डिड़िया कलां का भी दौरा किया। वहां स्कूल स्टाफ और छात्राओं से संवाद कर एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के समन्वय से अभियान को सफल बनाया जाएगा।
