फतेहाबाद पुलिस ने नशा तस्करी कार्रवाई करते हुए साल 2019 के एक एनडीपीएस केस में वांछित मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ईश्वर सिसोदिया निवासी गांव अधवास, थाना जावर माइंस, जिला उदयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उदयपुर से गिरफ्तार किया गया है। जाखल थाना इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि यह मामला 29 मई 2019 का है। उस समय जाखल में पुलिस की टीम ने म्योंद पुल के पास नाकाबंदी के दौरान एक गाड़ी से 18 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया था। एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार इस संबंध में जाखल थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। अब फरार चल रहे मुख्य सप्लायर ईश्वर सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है। पुलिस की नागरिकों से अपील पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस नशे के कारोबारियों के खिलाफ अपनी मुहिम जारी रखेगी, चाहे वे किसी भी राज्य में छिपे हों। नागरिकों से अपील की गई है कि नशे से जुड़ी किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें।