अलवर में संभावित खतरे को देखते हुए किसी भी तरह के अटैक से बचने के लिए नागरिक सुरक्षा तैयारियों को लेकर प्रशासन ने एहतियातन आज (मंगलवार) देर शाम 7:45 बजे ब्लैकआउट रखने का फैसला लिया है। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित समय पर अपने घरों की सभी लाइटें बंद रखें और सड़कों पर चल रहे वाहन भी तुरंत रोककर साइड में खड़े कर दें। प्रशासन का कहना है कि यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी संभावित अटैक से बचाव के लिए उठाया गया है, ऐसे में आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है। ब्लैक आउट की शुरूआत में 2 मिनट तक सायरन ऊंची-नीची आवाज में बजेगा। तब समझना है कि ब्लैक आउट शुरू हो रहा है। आखिरी 2 मिनट सायरन एक ही आवाज में बजेगा। तब समझना है ब्लैक आउट खत्म हो रहा है। अलवर कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने मंगलवार सुबह एक वीडियो जारी कर यह जानकारी दी। घरों और गाड़ियों की लाइट रखें बंद कलेक्टर शुक्ला ने बताया कि 21 अप्रैल शाम शाम 7:45 बजे ब्लैक आउट रखा है। बाबू शोभाराम राजकीय कला कॉलेज के आसपास की कॉलोनी (कर्मचारी कॉलोनी व अशोक विहार) में ब्लैक आउट का अभ्यास होगा। आमजन को अपने घर और आसपास की स्वेच्छा से लाइट ऑफ करनी है। उस समय रात को गाड़ी पर चलने वालों को भी ध्यान रखना है। रोड पर चल रहे वाहन को तुरंत साइड में लेकर उसकी लाइट बंद कर दें। सायरन की आवाज से समझे ब्लैक आउट शुरू या बंद कलेक्टर ने बताया कि ब्लैक आउट की शुरूआत में सायरन दो मिनट में ऊंची नीची आवाज में बजेगा। तब समझे ब्लैक आउट शुरू हो रहा है। ब्लैक आउट खत्म करते समय सायरन दो मिनट तक एक ही फ्रिक्वेंसी में आवाज आएगी, तब समझना ब्लैक आउट खत्म हो रहा है। इस पूरे काम में सब नागरिकों का सहयोग जरूरी है। किसी भी अटैक से बचने के लिए मॉक ड्रिल को सफल बनाने में सहयोग करना है। ब्लैकआउट के दौरान ये रखें सावधानियां सायरन या हूटर बजते ही सभी लाइटें बंद कर दें और घर के अंदर ही रहें। माचिस, मोबाइल फ्लैश या टॉर्च का उपयोग न करें। यदि खिड़की से रोशनी बाहर जाती दिखे तो उसे ढक दें। सड़क पर वाहन चला रहे लोग तुरंत किनारे रुककर लाइट बंद कर दें। धूम्रपान से बचें और भगदड़ न मचाएं। आपात स्थिति में ऐसे करें बचाव एयर रेड सायरन बजने पर शांतिपूर्वक सुरक्षित स्थान पर शरण लें। प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और मोबाइल या रेडियो से सरकारी अलर्ट सुनते रहें। घर में कम से कम तीन दिन का पीने का पानी और सूखा भोजन रखें। प्राथमिक उपचार किट, जरूरी दस्तावेज और टॉर्च आदि पहले से तैयार रखें। ड्रोन हमले के संकेत के रूप में 2 मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजेगा, जबकि खतरा टलने की सूचना एक समान आवाज में 2 मिनट तक सायरन बजाकर दी जाएगी। किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छुएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छुएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें। किसी भी सहायता के लिए नागरिक सुरक्षा कंट्रोल रूम के नंबर 0144-2338000 और 8290026219 पर संपर्क किया जा सकता है।
