अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र के टिकरी मोड़ के पास सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बारात से लौट रही एक ट्रैवलर गाड़ी में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि गाड़ी में सवार सभी 6 लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे जनहानि नहीं हुई। खेड़ा गरासिया निवासी अनुप सिंह पुत्र राजवीर सिंह ट्रैवलर गाड़ी चला रहा था। वह अपने साथियों दिलीप, गब्बर, अजय, दौलत और दीपक के साथ कांकरौली गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात करीब 1 बजे वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कठूमर थाना क्षेत्र के टिकरी मोड़ के पास सड़क पर बिजली के तार पड़े होने के कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैवलर बिजली के पोल से टकरा गई। जिसमें तुरंत आग लगने लग गई। टक्कर होते ही गाड़ी में सवार सभी लोग तुरंत बाहर निकल गए। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया और उससे निकली चिंगारी के कारण ट्रैवलर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी।घटना को देख पीछे से आ रही बारातियों से भरी बस के लोग और आसपास के राहगीर मौके पर पहुंचे और मदद में जुट गए। सूचना मिलने पर कठूमर थाना पुलिस और खेड़ली नगरपालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मी अंकुश शर्मा ने टीम के साथ करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।