भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ब्यावर जिले की इंद्रा जीनगर को ‘अंबेडकर महिला कल्याण पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी विशाल सिंह सोलंकी ने बताया कि ब्यावर के बदनौर निवासी इंद्रा जीनगर को यह सम्मान मिला है। इंद्रा जीनगर को यह सम्मान जाति एवं जनजाति वर्ग की महिलाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें 51 हजार रुपए की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और सम्मान चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इंद्रा जीनगर की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इंद्रा जीनगर का कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है, क्योंकि उन्होंने वर्षों से वंचित और जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। इस सम्मान को लेकर जिले में खुशी का माहौल है। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इंद्रा जीनगर को बधाई दी है।
