राजस्थान में 19 अप्रैल से अक्षय तृतीया के साथ सावों का दौर शुरू हो जाएगा। लोगों ने शादी के कार्ड छपवा लिए हैं। इसे लेकर जिला रसद अधिकारी के पास पहुंच रहे हैं। ताकि शादी में उन्हें समय पर सिलेंडर मिल सके। रसद अधिकारी के ऑफिस आने वाले लोगों का कहना है- गणेश जी साथ शादी का कार्ड अब अधिकारी को भी दे रहे हैं। निवेदन कर रहे हैं कि मेहमानों की संख्या के आधार पर सिलेंडर की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके। पाली में अब तक जिला रसद अधिकारी को 350 कार्ड और एप्लिकेशन मिल चुके हैं। जिला रसद अधिकारी कमल किशोर पंवार का कहना है- खाद्य विभाग का आदेश है, जिनके घर में शादी है। उन्हें रसद कार्यालय में कार्ड के साथ एप्लिकेशन देनी होगी। ताकि उन्हें सिलेंडर समय पर सप्लाई करवाए जा सके। उन्हें ज्यादा सिलेंडरों की आवश्यकता हो तो भट्टियों का उपयोग करें। शादी के भोजन में आइटम की संख्या सीमित रखने का भी निवेदन किया जा रहा है। हलवाई वेनाराम ने बताया- पहले 5 मिठाइयां थीं उसकी जगह अब 2 ही मिठाइयां बना रहे हैं। कहीं-कहीं एक मिठाई ही रखी गई है। पढ़िए पाली से ये रिपोर्ट… सिलेंडर का लेटर और कार्ड जमा करवाना जरूरी जिला रसद अधिकारी कमल किशोर पंवार कहते हैं- शादियों की सीजन को देखते हुए खाद्य विभाग की ओर से आदेश जारी किया गया है। इसमें शहरी क्षेत्र वालों को 3 और ग्रामीण क्षेत्र वालों को 2 कमर्शियल सिलेंडर देने हैं। इसके लिए जिनके घर में शादी है उन्हें शादी कार्ड और सिलेंडरों की आवश्यकता का लेटर जिला रसद विभाग में देना होगा। इसके साथ ही उनसे अपील की जा रही है कि ज्यादा सिलेंडरों की आवश्यकता हो तो कोयले और लकड़ियों की भट्‌टी का इस्तेमाल करें। इसके साथ ही मेहमानों की संख्या और शादी के भोजन में आइटम की संख्या सीमित रखने का भी निवेदन किया जा रहा है। 900 मेहमानों पर 8 सिलेंडर पाली शहर के सुंदर नगर रहने वाले नरेश भाटी ने बताया- उनके बेटे जितेन्द्र की शादी 21 अप्रैल को है। बारात खीमेल गांव जाएगी और 22 अप्रैल को आशीर्वाद समारोह पाली शहर में रखा गया है। जिसमें 900 मेहमानों को आमंत्रित किया है। खाना बनाने के लिए हलवाई ने 8 सिलेंडरों की जरूरत बताई है और सिलेंडर इतने नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में जिला रसद अधिकारी ने कहा कि आइटम कम करो। ऐसे में मिठाई, फास्ट फूड की स्टॉलें भी कम की है। फूड आइटम सीमित कर रहे रसद विभाग में आए गुड़ा एंदला गांव के घीसाराम कहते हैं- जिला रसद अधिकारी को शादी कार्ड और 4 सिलेंडरों की आवश्यकता का लेटर दिया है। बेटी संगीता की शादी 19 अप्रैल को है। बारात सांगवा गांव से आएगी। बेटे सोहनलाल की शादी 21 अप्रैल को है उसकी बारात बिसावा गांव जाएंगी। सीमित मेहमानों को बुलाया और शादी में मिठाई व अन्य आइटम की संख्या भी सीमित रखी है। बिना सिलेंडर के शादी सम्पन्न नहीं हो सकती इसलिए जिला रसद अधिकारी को शादी का कार्ड और सिलेंडरों की आवश्यकता का लेटर भी दिया है ताकि समय पर सिलेंडर मिल सके और बिना किसी परेशानी के बेटा-बेटी की शादी सम्पन्न करवा सके।