बाड़मेर के शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी शुक्रवार को उदयपुर कोर्ट में पेश हुए। इस दौरान भाटी ने कहा- यूनिवर्सिटी के दिनों में जब हमने छात्र हित के लिए जमकर लड़ाई लड़ी, उसके घाव आज भी लगे हैं। उस वक्त कोरोनाकाल के बावजूद फीस लेने के विरोध में प्रदेशभर में कलेक्टर को राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपे गए थे। उदयपुर कलेक्ट्रेट पर भी प्रदर्शन किया था, जिसमें मैं शामिल हुआ था। यहां प्रदर्शन करने पर मेरे खिलाफ राजनीतिक षड़यंत्र के तहत मुकदमा हुआ था। मुझे न्यायालय पर पूरा भरोसा है। भाटी के वकील भूपेन्द्र सिंह चुंडावत ने बताया- दोनों पक्षों ने अपने-अपने तर्क रखे। कोर्ट ने दोनों को सुना। अब अगली पेशी पर कोर्ट से निर्णय आने की संभावना है। 16 अगस्त 2021 को विधायक भाटी सहित 3 लोगों पर धारा 144 के उल्लंघन का केस दर्ज हुआ था।
भाटी बोले- हाईकोर्ट बेंच के लिए मांग उठाएंगे वकीलों ने भाटी से लंबे समय से लंबित हाईकोर्ट बेंच की मांग को राज्य और केन्द्र में उठाने का आग्रह किया। इस पर भाटी ने कहा- वे वकीलों के साथ हैं और पुरजोर तरीके से इसकी मांग उठाएंगे। विधानसभा की प्रश्न और संदर्भ समिति में सदस्य बनाए जाने पर भाटी ने कहा- जनहित से जुड़े जो भी सवाल विधानसभा सदस्य पूछते हैं, उन सवालों के जवाब सही समय पर और सही तरीके से प्रशासन और सचिवालय से मिलें। इसके लिए हमें नियुक्त किया है।
