लालसोट थाना क्षेत्र के जमात स्थित दयाल भोजनालय में शुक्रवार दोपहर खाना खाते समय दो गुटों के 2 युवकों के बीच झगड़ा हो गया। कहासुनी बढ़ने पर एक युवक ने दूसरे पर फायरिंग कर दी, जिससे धर्मेंद्र मीणा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में युवक को जयपुर रेफर किया गया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद सीपा ने बताया – आज दोपहर करीब 2 बजे जमात चौराहे के पास दयाल ढाबे पर यह लोग खाना खा रहे थे खाना खाने के दौरान दो युवकों में आपस में हॉक टॉक हो गई। उसके बाद ढाबे से बाहर आकर एक युवक को गोली मार दी, जिसे तुरंत लालसोट जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे हायर सेंटर जयपुर रेफर कर दिया गया, जहां खेड़ला निवासी धर्मेंद्र मीणा की उपचार के दौरान मौत हो गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
एक ही जगह खाना खाया, फिर मारी गोली जानकारी के अनुसार, दो गुटों के युवक, जिसमें एक ग्रुप में 5 और एक में 3 युवक शामिल थे। अलग-अलग बैठकर खाना खा रहे थे। इस दौरान दोनों गुटों के 2 युवकों में कहासुनी हुई। सभी खाना खा कर वहां से बाहर निकले। इस बीच एक गुट के लोग, जिसमें 5 युवक थे, कार में बैठकर निकले और जाते-जाते धर्मेंद्र मीणा पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तारी के लिए टीम गठित सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद सीपा, डिप्टी एसपी दिलीप मीणा, सीआई पवन जाट सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित की गई हैं। घायल धर्मेंद्र को लालसोट जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया था। पीएमओ डॉ. राजकुमार सहारा ने बताया कि धर्मेंद्र पुत्र तेजाराम को गन शॉट इंजरी थी। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर जयपुर रेफर कर दिया गया। जयपुर में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
