कोटा में दसवीं कक्षा की एक छात्रा ने टॉयलेट क्लीनर पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। परिजनों ने तुरंत छात्रा को पहले नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर छात्रा को कोटा के जेके लोन अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। छात्रा स्कूल से आने के बाद मोबाइल फोन चला रही थी। जब उसकी मां ने उसे मोबाइल चलाने से मना किया, तो वह नहीं मानी। इसके बाद मां ने फोन छीनकर अपने पास रख लिया। इससे नाराज होकर छात्रा ने टॉयलेट क्लीनर पी लिया। यह घटना सुकेत थाना क्षेत्र की है। छात्रा के मामा ने बताया- मेरी भांजी (16) दसवीं कक्षा में पढ़ रही है। स्कूल से आते ही वह फोन चला रही थी। वह अक्सर ऐसा ही करती है। स्कूल से आने के बाद घंटों फोन चलाती थी। मेरी बहन ने उसे कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। बुधवार दोपहर को मेरी बहन ने भाजी से फोन छीनकर अपने पास रख लिया। इसके बाद नाराज़ होकर भांजी ने टॉयलेट क्लीनर पी लिया। उसे कोटा के जेके लोन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। सुकेत थाना के कांस्टेबल नरेश ने बताया- अभी फिलहाल इस प्रकार की कोई जानकारी या शिकायत हमारे थाने में नहीं आई है। अगर आती है तो पूरी जांच की जाएगी। जेके लोन की अधीक्षक निर्मला ने बताया- बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमारी टीम उसकी पूरी देखभाल कर रही है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।