150 फीट गहरे कुएं में गिरने से एक किसान की मौत हो गई। करीब 8 घंटे की मशक्कत के बाद किसान का शव बाहर निकाला जा सका। घटना कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर थाना क्षेत्र स्थित काली पहाड़ी गांव का है। बानसूर थाना एसआई प्रदीप शेखावत ने बताया- बुधवार सुबह 9:30 बजे सूचना मिली कि कालीपहाड़ी निवासी संतोष (45) अपने घर से 200 मीटर दूर एक कुएं में गिर गया है। सूचना पर टीम गांव में पहुंची और गांव वालों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। साथ ही कोटपूतली से सिविल डिफेंस की टीम को भी बुलाया गया। सिविल डिफेंस के जवान को नीचे उतारा, 40 मिनट बाद भी नहीं मिली सफलता परिजनों से मिली जानकारी अनुसार संतोष बुधवार की सुबह कुएं के पास सफाई करने के लिए आया था। इस दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में जा गिरा। दोपहर एक बजे जब सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची तो उनके एक जवान को रस्सियों के सहारे नीचे उतारा गया। मगर 40 मिनट तक खोजबीन करने के बाद भी संतोष का पता नहीं चला। जवान ने बताया कि अंदर करीब 15 फीट तक दलदल है। ऐसे में रेस्क्यू में दिक्कत आ रहीं थीं। पानी सोखने के लिए टैंकर और सेफ्टी टैंक मंगवाए घटना की सूचना पर एसडीएम अनुराग हरित, तहसीलदार गजेंद्र सिंह राठौड़, नगरपालिका ईओ विशाल यादव मौके पहुंचे। प्रशासन की ओर से पानी सोखने के लिए ट्रैक्टर और सेफ्टी टैंक भी मंगवाए गए। जब 4 बजे तक संतोष का कुछ पता नहीं चला तो एसडीआरएफ को सूचना दी गई। दो लोगों को रस्सियों के सहारे नीचे उतारा शाम 4:30 बजे ग्रामीणों ने अपने स्तर पर रेस्क्यू चलाया और दो लोगों को रस्सियों के सहारे नीचे उतारा गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों ने संतोष के शव को बाहर निकाल लिया। गांव वालों ने बताया संतोष के घर में एक बेटी और एक बेटा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यहां देखिए रेस्क्यू से जुड़ी तस्वीरें…
एसआई प्रदीप शेखावत ने बताया- शव को बानसूर के उप जिला अस्पताल लेकर आया गया है। परिजनों की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। … यह खबर भी पढ़ें उदयपुर में कुएं में व्यक्ति की लाश मिलने से सनसनी:खेत में पाइप डालते समय फिसलने से हादसा, दो दिन पहले सिंचाई करने निकला था उदयपुर जिले के सायरा क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव बिना मुंडेर वाले कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक दो दिन पहले सिंचाई के लिए खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। (पढ़ें पूरी खबर)