बांसवाड़ा में सिंटेक्स मिल थर्मल पावर प्लांट में मशीन चलाते समय ऑपरेटर का हाथ कोयला ले जाने वाले बेल्ट में फंस गया। ऑपरेटर खुद को संभाल पाता इससे पहले ही मशीन ने उसे अंदर खींच लिया। हादसे में उसका हाथ उखड़ गया और सिर बेल्ट में दबने से फट गया। हादसे में ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई। प्लांट में काम कर रहे स्टाफ ने शिफ्ट इंचार्ज को सूचना दी और मशीन रुकवाई गई। मामला राजतालाब थाना इलाके के दाहोद मार्ग स्थित प्लांट का गुरुवार सुबह 10 बजे का है। ऑपरेटर मशीन के बेल्ट में फंसा राजतालाब थाने के एएसआई अब्दुल हकीम ने बताया- हादसे में मोहन (30) गणाऊ (बांसवाड़ा) की मौत हो गई है। वह सिंटेक्स मिल थर्मल पावर प्लांट में ऑपरेटर था। उसकी हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। शव को MGH अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। हादसे में मशीन में आने से युवक का हाथ उखड़ गया और सिर बेल्ट में दबने से फट गया। मशीन में फंसा शिफ्ट इंचार्ज रक्षित मालोत ने बताया- मोहन पिछले 6 साल से प्लांट में काम कर रहा था। रोज की तरह काम चल रहा था और बाहर से वॉकी टॉकी के जरिए बेल्ट शुरू करने के निर्देश मिले थे। जैसे ही अंदर से बेल्ट चालू की गई, उसी समय मोहन उसमें फंस गया। स्टाफ से सूचना मिलते ही मशीन को रुकवाया गया। इसके बाद एम्बुलेंस को सूचना देकर मोहन को अस्पताल पहुंचाया गया। 7 महीने की गर्भवती है पत्नी चचेरे भाई सोहन लाल ने बताया- हम 10 बजे से मौके पर हैं। हमें प्लांट वालों ने अंदर भी नहीं जाने दिया। भाई के साथ हुए हादसे के बाद उसके शव को सीधे अस्पताल ले गए, हमें बाद में सूचना दी। इसके बाद कुछ ग्रामीण अंदर गए और मैनेजमेंट से बात कर रहे हैं। परिजनों ने बताया- मोहन की पत्नी 7 महीने की गर्भवती है। वहीं मोहन की 3 बेटियां भी हैं। ये बच्चियां 3 साल, 5 साल और 8 साल की है। अब मोहन की मौत के बाद परिवार में आर्थिक संकट आ गया है। परिजनों ने मुआवजे की मांग की है।