राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा 2025 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए ब्यावर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पांच और छह अप्रैल को होने वाली इस परीक्षा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक रतन सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और संवेदनशील बिंदुओं की गहनता से समीक्षा की। उन्होंने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने के आवश्यक निर्देश भी दिए। पुलिस अधिकारियों ने केन्द्राधीक्षकों और संबंधित स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाए। जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान नकल, अनुचित साधनों के उपयोग या कानून-व्यवस्था भंग करने के किसी भी प्रयास पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल, सादा वर्दी में कर्मियों की तैनाती और मोबाइल गश्त की विशेष व्यवस्था की गई है। ब्यावर पुलिस ने अभ्यर्थियों और आमजन से अपील की है कि वे परीक्षा के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखें। साथ ही, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस को दें।