बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में जंगली मधुमक्खियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को नेशनल हाइवे पर एक कार सवार दंपती और एक बाइक सवार मधुमक्खियों के हमले में घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार से उतरते ही दंपती पर हमला श्रीडूंगरगढ़ मार्ग पर जयपुर से आ रही एक कार होटल के पास रुकी। इस हैरिटेज होटल के पास कार सवार दंपती जैसे ही वाहन से उतरे, तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि दंपती को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वो अचानक हुए इस हमले से बचने के लिए भागने लगे तो मधुमक्खियां उनके पीछे हो गई। तिरपाल ओढ़कर बचाई जान हमले से परेशान दंपती को देखकर एक पिकअप सवार ने खुद के पास रखे एक प्लास्टिक का तिरपाल दिया। जिसे उन तीनों ने ओढ लिया। जिससे किसी तरह अपनी जान बचा सके। बाद में ए एंबुलेंस को बुलाया गया, जिसमें चढ़ते वक्त भी तिरपाल को ही चारों तरफ से पैक किया ताकि मधुमक्खियां फिर से अटैक नहीं कर सके। आसपास मौजूद लोगों में भी इस घटना से दहशत फैल गई। बाइक सवार भी चपेट में आया, सड़क पर गिरा इसी दौरान पीछे से आ रहा एक बाइक सवार भी मधुमक्खियों के हमले की चपेट में आ गया। संतुलन बिगड़ने से वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसे भी चोटें आईं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया राहगीरों ने तुरंत एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सेवादारों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में आड़सर बास निवासी 38 वर्षीय लक्ष्मीनारायण तिवाड़ी के साथ जयपुर निवासी अजय और नलिनी खत्री शामिल हैं। अस्पताल में महिला दर्द से चीख पड़ी, जहां मेडिकल टीम द्वारा तीनों का इलाज किया जा रहा है। क्षेत्र में बढ़ रहा खतरा लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग की है। कांग्रेस नेताओं पर भी हुआ था हमला पूर्व मंत्री गोविन्दराम के एक बयान पर विरोध दर्ज करवाने बीकानेर के गांधी पार्क में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भी पिछले दिनों मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था, जिसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता भागते नजर आए।