सब इंस्पेक्टर भर्ती (एसआई)-2021 रद्द ही रहेगी। हाईकोर्ट की खंडपीठ ने एकलपीठ के आदेश को बरकरार रखा। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसपी शर्मा की खंडपीठ ने शनिवार (4 अप्रैल) को चयनित अभ्यर्थियों और सरकार की अपीलों पर फैसला सुनाया। साथ ही सिंगल बेंच की ओर से RPSC के खिलाफ लिए गए स्वप्रेरित प्रसंज्ञान को रद्द कर दिया है। खंडपीठ ने अपने फैसले में कहा- आयोग में राजनीतिक नियुक्तियां नहीं होनी चाहिए। सरकार RPSC में सिलेक्शन के लिए नया कानून लेकर आए। इसमें पारदर्शिता के साथ नियुक्तियां हो। जिन RPSC सदस्यों के खिलाफ एकलपीठ ने टिप्पणियां की थी, उन्हें हटाने के लिए सरकार को तुरंत प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए। करीब ढाई महीने पहले 19 जनवरी को खंडपीठ ने सभी पक्षों की बहस पूरी होने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। एकलपीठ ने 28 अगस्त 2025 को पेपरलीक, धांधली और भारी अनियमितताओं के चलते भर्ती को रद्द कर दिया था, जिसके बाद खंडपीठ में अपील की गई थी। बेरोजगारों के साथ न्याय हुआ है
गैर चयनित अभ्यर्थियों के वकील हरेंद्र नील ने कहा- यह राज्य के बेरोजगारों के लिए बहुत ही साहसिक और महत्वपूर्ण फैसला है। याचिकाकर्ता बोले- सत्य की जीत हुई है
याचिकाकर्ता कैलाश चंद शर्मा ने कहा- किसी भी एग्जाम में अगर एजेंसी मान लेती है कि पारदर्शिता, शुचिता और गोपनीयता भंग हुई है तो भर्ती को रद्द करना ही पड़ेगा। यह सुप्रीम कोर्ट की रूलिंग है। मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचा था
एकलपीठ के भर्ती रद्द करने के फैसले के बाद खंडपीठ ने 8 सितंबर 2025 को अंतरिम आदेश देते हुए भर्ती रद्द करने के फैसले पर रोक लगा दी थी। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने 24 सितंबर को आदेश देते हुए चयनित अभ्यर्थियों की फील्ड पोस्टिंग पर रोक लगाते हुए यथास्थिति के आदेश दिए थे। वहीं खंडपीठ को 3 महीने में मामले की सुनवाई पूरी करने के निर्देश दिए थे। — ये खबर भी पढ़ें… राजस्थान हाईकोर्ट ने SI भर्ती-2021 रद्द की:आदेश- जो सरकारी नौकरी छोड़कर एसआई बने, उन्हें पुरानी जॉब वापस मिलेगी राजस्थान हाई कोर्ट की एलकपीठ ने 7 महीने पहले एसआई भर्ती 2021 रद्द की थी। 859 पदों के लिए एग्जाम हुआ था। पेपर लीक में कई ट्रेनी एसआई पकड़े गए थे। जस्टिस समीर जैन की एकलपीठ ने फैसला सुनाते हुए 202 पेज के आदेश में कहा था- इस भर्ती का पेपर पूरे प्रदेश में फैला। पेपर लीक में आरपीएससी के 6 सदस्यों की भूमिका थी। पूरी खबर पढ़ें
