झुंझुनू में पत्नी की मौत से आहत पति ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। दोनों की दो साल पहले शादी हुई थी। दो दिन पहले बेटे का जन्मदिन मनाया था। पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पति जयपुर के लिए रवाना हो गया। पत्नी ने घर में जाकर फंदा लगा लिया। इसकी सूचना जब पति को मिली तो उसने वहीं ट्रेन के आगे छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। इंस्टाग्राम पर लिखा- मैं तेरे बिना नहीं रह सकता, मैं भी आ रहा हूं। मामला सुल्ताना थाना क्षेत्र के पदमपुरा गांव में शनिवार का है। सूचना पर सुल्ताना थानाधिकारी रविन्द्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर गहनता से जांच की जाएगी। पति सचिन दूधवाल (25) जयपुर में मजदूरी करता था। दो दिन पहले ही गांव आया था। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही सचिन का उसकी पत्नी भारती (23) में अनबन थी। शनिवार को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। खिड़की से झांका तो पंखे से लटकी थी भारती मृतक सचिन के पिता सुभाष दूधवाल ने बताया- बेटे की शादी 2024 में खींवसर निवासी भारती से की थी। दोनों के एक साल का बेटा है। दो दिन पहले ही पोते का जन्मदिन मनाया था। शादी के बाद से ही बेटे-बहू के बीच अनबन चल रही थी। भारती की मां की तबीयत खराब थी और वह पति को लेकर पीहर जाना चाहती थी। लेकिन किसी वजह से दोनों नहीं जा पाए। मैंने बहू से कहा- तुम खींवसर जाकर अपनी मां से मिल आओ, लेकिन वह नहीं गई और झगड़ा करने लगी। मैंने सचिन से कहा कि झगड़ा बढ़ेगा तुम जयपुर चले जाओ, काम पर ध्यान दो। सुभाष ने कहा- बहू लगातार ही झगड़ा कर रही थी, इस पर मैंने भारती के पिता और भाई से बात की। भारती के भाई और चाचा से आकर समझाने के लिए कहा। आज सुबह 8:00 बजे सचिन जयपुर के लिए रवाना हुआ और मैं भी घर से निकल गया। सुबह 10:00 बजे भारती के भाई और चाचा पदमपुरा पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से झांक कर देखा तो भारती फंदे पर लटकी हुई थी। दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इंस्टाग्राम पर लिखा आखिरी पैगाम: ‘कोणी रह सकूं तेरे बिना, आ रहा हूं’ सुबाष ने कहा- सचिन जयपुर में मजदूरी करता था। दो-तीन दिन पहले ही गांव आया था। पत्नी भारती के सुसाइड की खबर जब सचिन को मिली तो उसने इंस्टाग्राम पर लिखा- “मैं भी कोणी रह सकूं तेरे बिना, आ रहा हूं।” कुछ देर बाद सचिन ने नवलगढ़ के दुर्जनपुरा के पास ट्रेन के आगे आकर सुसाइड कर लिया। सचिन का बायां हाथ कटकर ट्रैक के एक तरफ गिर गया।

ये खबर भी पढ़ें झुंझुनूं में बुजुर्ग पति-पत्नी ने जहर खाकर दी जान:बेटा जगाने गया तो दोनों अलग-अलग कमरे में तड़प रहे थे, रास्ते में हुई मौत​ झुंझुनूं में एक बुजुर्ग पति-पत्नी ने जहर खाकर जान दे दी। दोनों बेसुध अलग-अलग कमरे में थे। मामला जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के स्वामी सेही गांव में शुक्रवार सुबह 7 बजे का है। मृतकों की पहचान भीमचंद (पुत्र लक्ष्मण सिंह) (62) और उनकी पत्नी घोघड़ी (58) के रूप में हुई है। (यहां पढ़ें पूरी खबर)