श्रीगंगानगर जिले के नवनियुक्त जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने जिला कलेक्ट्रेट सभागार में फर्स्ट प्रेंस कॉन्फ्रेंस की। डॉ. यादव ने गुरुवार शाम को कार्यभार ग्रहण किया था। इस दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि नशा मुक्त गंगानगर बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सीएम की मंशा के अनुरूप आमजन के हर कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे होंगे। जनसुनवाई को प्रभावी बनाया जाएगा, लोगों को निष्पक्ष न्याय और त्वरित राहत मिलेगी। जन समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से अमल किया जाएगा। हरियाणा के मूल निवासी डॉ. अमित यादव पीजीआई रोहतक से एमबीबीएस करने के बाद 2016 बैच के राजस्थान कैडर आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि नागौर में पहली नियुक्ति के बाद बागीदौरा (बांसवाड़ा) और नरसीसर (झुंझुनूं) में एसडीएम रहे। जोधपुर नगर निगम में सीईओ के रूप में सेवाएं दीं, जयपुर में चिरंजीवी योजना से जुड़े स्वास्थ्य विभाग में काम किया। जिला कलक्टर के रूप में उनका पहला कार्यकाल सीकर में रहा, फिर नागौर में सेवाएं दीं। विधानसभा चुनाव के दौरान भरतपुर और लोकसभा चुनाव के समय स्वास्थ्य विभाग में महत्वपूर्ण दायित्व निभाया। अब राज्य सरकार ने उन्हें श्रीगंगानगर का जिला कलक्टर बनाया है। बैठक में डॉ. यादव ने सीकर के खाटूश्यामजी मंदिर में अगस्त 2022 की भगदड़ का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद प्रशासन ने स्थिति को तुरंत काबू में किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंदिर को तीन महीने तक बंद रखा गया और व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार किए गए।
