परिवहन विभाग ने धौलपुर में ‘ऑपरेशन कैच’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान में बकाया टैक्स और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। विभाग ने 48 घंटे के भीतर कुल 86 वाहन जब्त किए हैं। जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि अभियान के तहत धौलपुर और राजाखेड़ा क्षेत्र में निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे, आरईसीएल तथा जीआर कंस्ट्रक्शन साइट्स पर सघन जांच की गई। सैंपऊ, तसीमों, नबाब बसई रेलवे पुल और तूड़ी भंडारण क्षेत्रों में भी कार्रवाई हुई। इस दौरान निर्माण कार्य में लगी जेसीबी, लोडर सहित 27 भारी मशीनों और वाहनों को सीज किया गया। इन वाहनों से लगभग 1 करोड़ रुपए के राजस्व की वसूली की संभावना है। इसके अतिरिक्त जिलेभर में 59 भार वाहनों को भी जब्त किया गया। इन भार वाहनों से 18.80 लाख रुपए का कर वसूला गया है। अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित वाहन डीलरों के खिलाफ भी आकस्मिक जांच कर कार्रवाई की गई। विभाग ने सभी डीलरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने द्वारा बेचे गए वाहनों का बकाया कर अनिवार्य रूप से जमा कराएं, अन्यथा नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। परिवहन अधिकारी ने यह भी चेतावनी दी कि यदि वित्तीय वर्ष 2026-27 का कर समय पर जमा नहीं किया गया, तो संबंधित वाहनों का पंजीयन निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी वाहन स्वामी की होगी। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अवैध रूप से वाहन संचालित करने वाले मालिकों में हड़कंप मच गया है।
