रोहिड़ा थाना क्षेत्र के कंबोई वाड़ोलिया गांव में एक 11 वर्षीय किशोर ने अज्ञात कारणों से कीटनाशक पी लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले रोहिड़ा, फिर आबू रोड और अंततः सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार कंबोई वाड़ोलिया निवासी उजमा पुत्र नारायण ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। इसके बाद उसे उल्टियां होने लगीं। पूछने पर उसने अपनी बहन को बताया कि उसने कोई दवाई पी ली है। उसकी बहन उसे संभालकर घर ले आई। किशोर की तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे तत्काल रोहिड़ा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आबू रोड रेफर कर दिया गया। आबू रोड के सरकारी अस्पताल से भी प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिरोही ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। परिजन 108 एंबुलेंस की मदद से सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। यहां अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, उसकी हालत लगातार चिंताजनक बनी हुई है और उसे अगले 24 घंटे के लिए डॉक्टरों की गहन निगरानी में रखा गया है। यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किशोर ने कौन सा कीटनाशक पिया था।

You missed