जिला एवं सैशन न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष केशव कौशिक ने शनिवार को जिला जेल का निरीक्षण किया। उन्होंने निरूद्ध बंदियों से जातिगत आधार पर भेदभाव के संबंध में जांच की। निरीक्षण के दौरान जेल में कुल 244 बंदी निरूद्ध पाए गए। निरीक्षण के दौरान जिला जज द्वारा सभी बंदियों से पूछा गया कि क्या जेल में किसी बंदी के साथ जातिगत आधार पर अथवा अन्य किसी प्रकार का भेदभाव किया जाता है या नहीं तो किसी भी बंदी ने जेल में जेल प्रशासन अथवा बंदियों द्वारा किसी प्रकार का जातिगत आधार पर भेदभाव नहीं किया जाना बताया गया। जिला जज ने जेल में बंदियों की रसोईघर का निरीक्षण किया, उन्होंने बंदियों के लिए बने खाने को खाकर भोजन की गुणवत्ता की जांच की। साथ ही जेल में बंदियों को दी जाने वाली मेडिकल सुविधाओं, साफ-सफाई, पीने की पानी आदि व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उनके द्वारा प्रत्येक बंदी से बात कर उनके प्रकरणों की जानकारी ली तथा बताई गई समस्याओं के निराकरण के लिए जेल प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव संतोष अग्रवाल को निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला जेल उपाधीक्षक मुक्ति यदुवंशी समेत जेल का अन्य स्टॉफ मौजूद रहा।
