हनुमानगढ़. जिले में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत कम नहीं हो रही है। घरेलू व कॉमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग से लेकर आपूर्ति तक में सिस्टम फेल साबित हो रहा है। करीब एक पखवाड़े से बाजार में इसकी किल्लत झेलने के बाद अब चाय विक्रेताओं ने भी चाय के दाम बढ़ा दिए हैं। रूटीन के ग्राहकों को बाजार में पहले सात से आठ रुपए में चाय मिल जाती थी। इसका रेट बढ़ाकर अब 10 से 15 रुपए प्रति कप कर दिया गया है। शहर के कुछ ऐसे चाय विक्रेता हैं, जो अब कोयले के चूल्हे व भट्टी लगाकर काम चला रहे हैं। चाय विक्रेता राजेश कुमार के अनुसार सिलेंडर मिल नहीं रहे। आगे मिलेंगे या नहीं। इसकी गारंटी नहीं है। इसलिए गैस भट्टी की जगह अब मिट्टी का चूल्हा तैयार किया है। कोयला जलाकर आगे काम चलाएंगे। इसके लिए मिट्टी का चूल्हा तैयार करके भट्टी और पंखी लगा दिया है। गैस की भारी कमी आ रही है। एजेंसियों पर कार्मिशियल देने से मना किया जा रहा है। ऐसे में कारोबार चलाने के लिए कुछ तो करना पड़ेगा।हनुमानगढ़ टाउन में जंक्शन रोड स्थित भारत गैस एजेंसी पर दो दिन पहले उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी प्रतिनिधि और ट्रैक्टर-ट्रॉली से सप्लाई करने वाले कर्मचारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर उनको यहां-वहां भटका रहे हैं। एजेंसी जाते हैं तो ट्रैक्टर ट्रॉली से सिलेंडर मिलने की बात कही जाती है। ट्रॉली वाले एजेंसी से सिलेंडर लेने को कहते हैं। वहीं एजेंसी प्रतिनिधियों का कहना था कि नियमों के अनुसार वरीयता के आधार पर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है।
