राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने मंगलवार (24 मार्च) को 10वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस साल 10 लाख 68 हजार 109 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी थी। यह पहली बार है जब 10वीं का परिणाम 12वीं कक्षा से पहले जारी किया गया है। साथ ही, बोर्ड के इतिहास में यह पहला मौका है जब मार्च महीने में ही परिणाम घोषित किया गया है। बोर्ड की 10वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी को शुरू हुई थीं और 28 फरवरी को समाप्त हुई थीं। इन परीक्षाओं में राज्य भर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। दैनिक भास्कर ऐप पर राजस्थान बोर्ड 10वीं में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के फोटो, वीडियो और इंटरव्यू प्रकाशित किए जाएंगे। ऐसे विद्यार्थी अपने फोटो के साथ नाम, मार्कशीट की फोटो और स्कूल का नाम जिले के अनुसार साझा कर सकते हैं। बोर्ड 12वीं कक्षा के आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स संकायों के परिणाम भी इसी महीने जारी करने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 12वीं की परीक्षाएं 11 मार्च तक चली थीं, जिसमें 9 लाख 10 हजार 9 विद्यार्थी शामिल हुए थे। ये परीक्षाएं प्रदेश के 6 हजार 170 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थीं।
