डीडवाना-कुचामन जिला प्रशासन ने राज्य सरकार के “एक जिला-एक खेल” योजना के तहत बास्केटबॉल को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के नेतृत्व में जिले की 12 मेधावी छात्राओं का चयन बेंगलोर स्थित नेशनल बास्केटबॉल अकादमी में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण के लिए किया गया है। खड़गावत ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं प्रदान करना है। इसका लक्ष्य है कि ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और राज्य का प्रतिनिधित्व कर सकें।
बेंगलुरु की प्रतिष्ठित अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को आधुनिक बास्केटबॉल तकनीक, फिटनेस प्रबंधन और खेल मनोविज्ञान का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा। इन छात्राओं का चयन 13 से 18 मार्च तक डीडवाना में आयोजित 80 छात्र-छात्राओं के आवासीय प्रशिक्षण शिविर में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
चयनित छात्राएं 5 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए बेंगलोर रवाना होंगी। उनके साथ खेल विभाग के तीन अधिकारी और कार्मिक भी जाएंगे, जो आवश्यक व्यवस्थाओं और सहयोग को सुनिश्चित करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान आवास, भोजन और अन्य सभी व्यवस्थाएं जिला प्रशासन द्वारा वहन की जाएंगी। यह पहल राजस्थान सरकार के पंच गौरव कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके तहत प्रत्येक जिले में एक विशेष खेल के विकास पर जोर दिया जा रहा है। डीडवाना-कुचामन जिले में बास्केटबॉल, जो राजस्थान का राजकीय खेल भी है, को प्रमुखता से विकसित किया जा रहा है।