जयपुर के प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर हनीत सिंह और ज्वेलरी डिजाइनर परीना जैन का विशेष कलेक्शन मुंबई में आयोजित ‘बेटी चैरिटी वॉक’ में शोकेस किया गया। कार्यक्रम में जयपुर की कारीगरी और शिल्प ने विशेष आकर्षण जोड़ दिया। यह चैरिटी वॉक द इंडियन टेलिविजन अकेडमी (आईटीए) द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री की 35 से अधिक हस्तियां शामिल हुईं। कार्यक्रम में सेलेब्रिटीज ने जयपुर के कुट्यूरियर हनीत सिंह द्वारा डिजाइन किए गए परिधानों और ज्वेलरी डिजाइनर परीना जैन के फाइन ज्वैलरी ब्रांड ‘परीना इंटरनेशनल’ की सिग्नेचर पोल्की ज्वैलरी पहनकर रैंप वॉक किया। इस शो में मशहूर टीवी अदाकार निया शर्मा और अर्जुन बिजलानी शो स्टॉपर रहे। इस विशेष चैरिटी वॉक में शुभांगी अत्रे, पूनम सिन्हा, रूपाली गांगुली, महिमा चौधरी, गौरव गेरा, राकेश रोशन, सुनील गावस्कर, शशि रंजन, अद्रिजा रॉय, रोहित रॉय, ताहिर शब्बीर, अंकित गुप्ता, शालीन भनोट और अदनान खान सहित कई अन्य टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री की हस्तियां शामिल हुईं। शो के दौरान हनीत के राजस्थान के भव्य महलों से प्रेरित विशेष कलेक्शन ‘स्वर्ण महल’ में प्रदेश की शाही विरासत की आकर्षक झलक प्रस्तुत की गई। इस कलेक्शन में पारंपरिक भारतीय परिधानों जैसे लहंगे, शेरवानी और स्टिच्ड साड़ियों के साथ गाउन और इंडो-वेस्टर्न आउटफिट्स शामिल थे। वहीं, एलिगेंट मेंसवेयर में जोधपुरी सूट, अचकन, टक्सीडो और ब्लेज़र सूट ने शो को और भी खास बनाया। जयपुर के कारीगरों द्वारा की गई बारीक हैंड डिटेलिंग रही कलेक्शन की खासियत इस कलेक्शन की खासियत जयपुर के कारीगरों द्वारा की गई बारीक हैंड डिटेलिंग रही, जिसमें लंपा वर्क, कच्चा पत्ती और जरदोजी जैसी पारंपरिक कढ़ाई को 3डी एप्लिक, फ्यूजन सीक्विन्स, यूनिक बीड्स और क्रिस्टल्स जैसे आधुनिक तत्वों के साथ खूबसूरती से संयोजित किया गया। साथ ही, जयपुर के सेमी-प्रेशियस स्टोन्स के उपयोग ने आउटफिट्स को एक रॉयल और रीगल लुक प्रदान किया। परीना के ज्वेलरी कलेक्शन में हस्तनिर्मित पोल्की और जेमस्टोन ज्वेलरी का शानदार संगम देखने को मिला, जिन्हें जयपुर के कुशल कारीगरों ने बारीकी से तैयार किया था। इस कलेक्शन में एमराल्ड ज्वेलरी की श्रृंखला विशेष रूप से आकर्षित करने वाली रही, जिसमें लंबे नेकलेस, मॉडर्न चोकर और नेकलाइन नेकलेस के साथ-साथ मॉडर्न चांदबली, झुमके, स्टेटमेंट ईयररिंग्स और एलिगेंट स्टड्स शामिल थे। इन डिजाइनों में जयपुर की पारंपरिक कारीगरी की समृद्धता को मॉर्डन, रीफाइंड और एलिगेंस के साथ प्रस्तुत किया गया, जिसमें ‘परीना इंटरनेशनल’ की सिग्नेचर शैली स्पष्ट रूप से झलकती है। समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में योगदान देने का मिला मौका इस अवसर पर हनीत सिंह ने कहा कि बेटी चैरिटी वॉक का हिस्सा बनना और इस मंच पर अपने डिज़ाइन्स के माध्यम से बालिका सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण उद्देश्य से जुड़ना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा। मुझे प्रसन्नता है कि इस पहल के जरिए मुझे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में अपना योगदान देने का अवसर मिला। बालिका सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण उद्देश्य से जुड़ने का गर्व भी महसूस कराया परीना जैन का कहना था कि ‘बेटी चैरिटी वॉक’ मंच ने मुझे अपनी ज्वेलरी के माध्यम से न केवल जयपुर की शिल्प और उसकी खूबसूरती को प्रस्तुत करने का अवसर दिया, बल्कि बालिका सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण उद्देश्य से जुड़ने का गर्व भी महसूस कराया। यह शो फैशन के माध्यम से सामाजिक संदेश को प्रस्तुत करने की अच्छी पहल थी। उल्लेखनीय है कि ‘बेटी चैरिटी वॉक’ मनोरंजन जगत की विभिन्न हस्तियों को एक मंच पर एकत्रित करती है, ताकि बालिका सशक्तिकरण और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और इस उद्देश्य के लिए समाज का सपोर्ट प्राप्त हो। यह पहल लंबे समय से बालिका के अधिकारों, शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
