उदयपुर शहर के सहेलियों की बाड़ी मुख्य रोड किनारे लगे ठेलों को आज हटाया गया। उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुछ ठेलों को वहां से जब्त किए। आज दोपहर में यूडीए की टीम मौके पर पहुंची और वहां लगे ठेले संचालकों से उनके ठेले के लाईसेंस चेक किए। इस दौरान जिन ठेलों के लाईसेंस रिन्युअल नहीं हुए उनको वहां से जब्त किया। टीम ने कहा कि यहां सड़क किनारे आए दिन जाम की स्थिति रहती है और जब नगर निगम से लाईसेंस रिन्युअल ही नहीं हुआ तो यहां कैसे ठेले लगा रखे है। टीम ने एक-एक कर जो ठेले वहां लगे थे उनको हटाए तो कुछ ठेले संचालक ठेले वहां से लेकर निकल गए। यूडीए तहसीलदार डा. अभिनव शर्मा के निर्देशन में टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में शामिल होमगार्ड ने ठेले हटने के बाद खाली हुई जगह की फोटोग्राफी भी की। सीएस ने भी जोर दिया था टूरिस्ट प्वाइंट पर व्यवस्थाएं ठीक हो
असल में पिछले दिनों मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की उदयपुर यात्रा के दौरान टूरिस्ट प्वाइंट को लेकर हुई बातचीत के दौरान कई विषयों पर चर्चा हुई। उनका जोर था कि टूरिस्ट प्वाइंट वाली जगह पर खास ध्यान दिया जाए। सहेलियों की बाड़ी भी उदयपुर का एक महत्वर्पूण टूरिस्ट प्वाइंट है लेकिन यहां गाड़ियों की आवाजाही और किनारे ठेलों की वजह से आए दिन जाम की समस्या रहती है। पार्किंग बनाई लेकिन सड़क किनारे खड़े कर देते वाहन
सहेलियों की बाड़ी में आने वाले टूरिस्ट और घूमने वाले लोग जब यहां आते है तो वे यहां सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर देते है। जबकि यहां पर एसआईआरटी की जमीन पर पार्किंग भी विकसित कर रखी लेकिन वहां गाड़ियों की संख्या कम रहती है। असल में पार्किंग स्थल तक जाने के लिए जगह—जगह संकेतक भी नहीं लगे है और वह स्थान आसानी से दिखता भी नहीं है ऐसे में लोग गाड़ियां बाहर ही खड़ी करके चले जाते है।
