राजसमंद में रसद विभाग घरेलू LPG सिलेंडर के कॉमर्शियल इस्तेमाल पर सख्त है। इसके अलावा कालाबाजारी करने वालों और जमाखोरों पर भी एक्शन लिए जा रहे हैं। जिले के रेलमगरा में विभाग ने अभियान चलाकर कार्रवाई की और 24 सिलेंडर और एक रिफिलिंग मशीन जब्त की। जिला रसद विभाग के निर्देशन में यह कार्रवाई प्रवर्तन अधिकारी लोकेश जोशी और जिला सतर्कता दल ने की। टीम की ओर से लगातार जांच अभियान चल रहा है। पुलिस से मिला था इनपुट सोमवार को पुलिस सूचना के आधार पर रेलमगरा कस्बे में सघन जांच की गई। पहली कार्रवाई गिलूंड रोड स्थित सुरेश चंद्र खटीक की दुकान पर की गई। जहां से 12 घरेलू गैस सिलेंडर और दो इलेक्ट्रिक रिफिलिंग मशीनें जब्त की गईं। दूसरी कार्रवाई अनिल किराना स्टोर के गोदाम पर की गई, जहां 12 घरेलू गैस सिलेंडर बिना वैध अनुमति के जमा पाए गए। मौके पर स्टोर का सेल्समैन शाहरुख मंसूरी मिला। विभाग ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी बोले-जमाखोरी अपराध प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी की जा रही थी। यह नियमों के खिलाफ है। जिला रसद अधिकारी विजय सिंह ने कहा- अवैध भंडारण और व्यावसायिक उपयोग कानूनन अपराध है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत विभाग को दें।
